सिकरहना नदी के कटाव से सहमे लोग, उड़ी नींद
प्रखंड के उत्तरी छपरा बहास पंचायत के भवानीपुर गांव में माई स्थान के समीप सिकरहना नदी के किनारे बसे कई घर कटाव की चपेट में हैं।
मोतिहारी। प्रखंड के उत्तरी छपरा बहास पंचायत के भवानीपुर गांव में माई स्थान के समीप सिकरहना नदी के किनारे बसे कई घर कटाव की चपेट में हैं। पूर्व जिला पार्षद सदस्य अच्छेलाल पासवान व पूर्व मुखिया पूनम देवी ने कटावस्थल का निरीक्षण किया। कहा कि करीब एक दर्जन लोगों के घरों का नदी में विलिन होना तय है। कटाव को देखते हुए घर वाले अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे हैं। पिछले वर्ष की बाढ़ से ही बीरबल पासवान, जवाहर पासवान, रामप्रवेश पासवान, अच्छेलाल पासवान, राम बालक पासवान व राजेश पासवान के घर का आधा हिस्सा का कटाव हो गया था। इस बार के कटाव में यह घर नदी में समा जाएगा। बताया गया कि कटाव का खतरा रामनरेश पासवान, सुखिया देवी, सीता देवी, विपति देवी, सुरेश पासवान, शारदा देवी और ललन पासवान सहित कई लोगों के घरों पर है। अंचलाधिकारी ज्ञान प्रकाश शेरफीन ने बताया कि नदी से कटाव की सूचना मिली है। स्थल का निरीक्षण कर विभाग के अधिकारी को सूचना दी जाएगी। मुखिया अंगद चौरसिया ने प्रशासन से कटाव से बचाव की मांग की है।