Bihar News : पटना से बेतिया का सफर अब 3 घंटे में, बुद्ध और महादेव के धाम पहुंचना होगा आसान
राष्ट्रीय राजमार्ग 139 डब्ल्यू के निर्माण से पटना से बेतिया तक का सफर अब 6 घंटे से घटकर लगभग 3 घंटे का हो जाएगा। यह 174 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड हाईवे उत्तर बिहार के विकास को गति देगा और पर्यटन व व्यापार को बढ़ावा देगा।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
पटना-बेतिया यात्रा समय 6 से 3 घंटे होगा।
उत्तर बिहार के व्यापार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा।
केसरिया, अरेराज जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पश्चिम चंपारण)। पटना से पश्चिम चंपारण के बेतिया और भारत-नेपाल सीमा तक आवागमन आने वाले दिनों में पहले से कहीं अधिक आसान और तेज होने वाला है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से एनएच-139 डब्ल्यू का निर्माण कराया जा रहा है।
करीब 174 किलोमीटर लंबा यह चार लेन का ग्रीनफील्ड हाईवे उत्तर बिहार के विकास की नई इबारत लिखने की तैयारी में है। वैशाली में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ करेंगे।
इसके निर्माण से न केवल पटना और चंपारण के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली और सारण सहित आसपास के जिलों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा।
इस कारिडोर का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पटना से बेतिया तक की यात्रा में लगने वाला समय करीब छह घंटे से घटकर तीन घंटे के आसपास रह जाएगा। इससे आम यात्रियों के साथ व्यापारियों, किसानों, मरीजों और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। खासकर चंपारण के लोगों के लिए राजधानी पटना तक पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा।
पटना एम्स से बेतिया तक बनेगा नया कारिडोर
प्रस्तावित हाईवे पटना एम्स से शुरू होकर दीघा, जेपी सेतु, बाकरपुर, मानिकपुर, साहेबगंज, केसरिया और अरेराज होते हुए बेतिया तक पहुंचेगा। इस मार्ग का बड़ा हिस्सा पूरी तरह नए ग्रीनफील्ड कारिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
करीब 145 किलोमीटर लंबाई में नए मार्ग का निर्माण होने से पुराने राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा। इस परियोजना को अलग-अलग पैकेजों में बांटकर निर्माण कराया जा रहा है।
बाकरपुर से मानिकपुर तक 38.81 किलोमीटर सड़क का निर्माण भारतमाला परियोजना के तहत किया जा रहा है। वहीं, मानिकपुर से साहेबगंज तक 44.65 किलोमीटर खंड के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है।
इसके अलावा साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड की 78.94 किलोमीटर सड़क को चार लेन बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 3,822.31 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस खंड का निर्माण हाइब्रिड एन्युइटी मोड (एचएएम) के तहत कराया जा रहा है। निर्माण की जिम्मेदारी सीगल इंडिया लिमिटेड को सौंपी गई है।
अरेराज और केसरिया के पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस हाईवे का महत्व केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है। यह धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। मार्ग के बेहतर होने से वैशाली, केसरिया स्थित विश्व प्रसिद्ध बौद्ध स्तूप और अरेराज के बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर तक पहुंचना आसान होगा।
खासकर पूर्वी चंपारण के अरेराज और केसरिया क्षेत्र को इस परियोजना से नई पहचान मिलने की उम्मीद है। धार्मिक आयोजनों और पर्यटन के मौसम में श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को आवागमन में सहूलियत होगी।
बौद्ध सर्किट से बेहतर सड़क संपर्क बनने पर देश-विदेश के पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन, छोटे कारोबार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होने की संभावना है।
व्यापारियों को राजधानी और अन्य बड़े बाजारों तक सामान पहुंचाने में कम समय लगेगा। कृषि उत्पादों, औद्योगिक सामान और आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में भी सुविधा होगी। इससे उत्तर बिहार के आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
चंपारण के विकास को मिलेगी नई दिशा
एनएच-139 डब्ल्यू का निर्माण पूरा होने के बाद पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के लोगों को राजधानी पटना तक पहुंचने के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा। सड़क संपर्क मजबूत होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव आने की संभावना है।
कुल मिलाकर यह परियोजना महज एक सड़क निर्माण योजना नहीं, बल्कि उत्तर बिहार को राजधानी और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक गलियारे से जोड़ने की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके पूरा होने से पटना से चंपारण तक आवागमन की तस्वीर बदलेगी और क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।