विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तानी एजेंट को OTP बेचने का मामला: रक्सौल से UP-झारखंड तक फैला नेटवर्क, जांच में जुटी आंध्र पुलिस

Published: Thu, 29 Oct 2026 06:46 PM (IST)

रक्सौल में पाकिस्तानी एजेंटों को भारतीय मोबाइल नंबरों के ओटीपी देने के आरोप में दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. रक्सौल में दो युवक पाकिस्तानी एजेंटों को ओटीपी देने पर गिरफ्तार।

  2. विजयवाड़ा केस की जांच बिहार, यूपी, झारखंड तक फैली।

  3. पुलिस नेटवर्क और संदिग्धों के संपर्कों की कर रही है पड़ताल।

संवाद सहयोगी, रक्सौल। पाकिस्तानी एजेंट को भारतीय मोबाइल नंबरों पर अकाउंट बनाने के लिए ओटीपी उपलब्ध कराने के एवज में मोटी रकम लेने के आरोप में रक्सौल से दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है।

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में दर्ज कांड संख्या 01/2026 के अनुसंधान को लेकर पुलिस पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण व सीतामढ़ी के साथ उत्तर प्रदेश व झारखंड तक पहुंच चुकी है।

इन जगहों पर छापेमारी के दौरान कई संदिग्धों से पुलिस ने पूछताछ भी की है। वहीं, पुलिस की टीम बरामद मोबाइल फोन और उनसे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ओटीपी उपलब्ध कराने का यह काम सीमाई क्षेत्र में किस नेटवर्क के माध्यम से संचालित हो रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों की माने तो रक्सौल बाजार के कुछ लोगों द्वारा भारतीय मोबाइल नंबरों पर अकाउंट बनाने के लिए प्राप्त ओटीपी पाकिस्तानी एजेंट को भेजे जाने की सूचना मिली थी।

इसके बदले संबंधित लोगों को भुगतान किए जाने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विजयवाड़ा व रक्सौल पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही है।

संदिग्धों की तलाश में उत्तर प्रदेश और झारखंड तक पहुंचा जांच का दायरा

दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी है। पूर्वी, पश्चिमी चंपारण व सीतामढ़ी के अलावा उत्तर प्रदेश व झारखंड तक छापेमारी हो रही है।

इस दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है, जिसका पुलिस खुलासा नहीं कर रही है। पुलिस विभिन्न लोगों के संपर्कों व कथित लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।

वहीं, जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि भारतीय मोबाइल नंबरों पर बनाए गए अकाउंट का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जा रहा था।

रक्सौल से रवाना हुई आंध्र प्रदेश पुलिस

आंध्र प्रदेश पुलिस बुधवार की देर रात रक्सौल से रवाना होकर अन्य चिह्नित स्थानों पर छापेमारी और अनुसंधान में लगी है। अनुसंधान के दौरान मिलने वाली नई जानकारियों के आधार पर कार्रवाई का दायरा और बढ़ने की संभावना है। फिलहाल पुलिस बरामद मोबाइल फोन की जांच के साथ संदिग्धों के संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में ब्राउन शुगर के साथ रक्सौल का युवक गिरफ्तार, मैत्री पुल पर हुई कार्रवाई