पानी भरने के विवाद में वृद्ध की गई जान
बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहां बीन टोली में पानी भरने के विवाद में एक वृद्ध योगी मुखिया (61 वर्ष ) की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मोतिहारी। बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहां बीन टोली में पानी भरने के विवाद में एक वृद्ध योगी मुखिया (61 वर्ष ) की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों यादो मुखिया एवं माधो मुखिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना सोमवार देर रात की बताई जाती है। पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि योगी मुखिया (मृतक) का पौत्र यादो मुखिया के चापाकल पर पानी भरने गया था। वहीं पर पहले से चले आ रहे किसी विवाद को लेकर मामला मारपीट में तब्दील हो गया। इसी बीच योगी मुखिया वहां बीच बचाव करने पहुंचा जहां उन्हें ढकेल कर उनके साथ मारपीट की गई। उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। पुलिस ने वादी मुकेश मुखिया (मृतक का पुत्र) के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दर्ज प्राथमिकी में यादो मुखिया, माधो मुखिया एवं दोनों की पत्नियों को आरोपित किया गया है। इनमें से पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है।