सीमावर्ती बिहार में सक्रिय नकली नेपाली करेंसी के तस्कर, नेपाल में छह धराए
नेपाल पुलिस ने बिहार में नकली नेपाली करेंसी की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार इस सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरा मामला जानने के लिए पढ़ें खबर।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। भारत में नकली करेंसी की आपूर्ति आइएसआइ करती रही है। नकली भारतीय नोट पाकिस्तान या बांग्लादेश में छाप कर बरास्ता नेपाल या सीधे तस्करी कर लाए जाते रहे हैं। लेकिन, यह मामला जरा हटकर है। नेपाल सीमावर्ती बिहार में नेपाली रुपये की स्वीकार्यता को देखते हुए तस्कर वहां नकली नेपाली करेंसी की आपूर्ति करते रहे हैं। गुरुवार को नेपाल के सुनसुरी जिले में ऐसे ही बड़े रैकेट का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार नेपाल के सुनसरी जिले की धरान पुलिस ने नकली नेपाली नोट छापने के उपकरणों के साथ छह अपराधियों को गिरफ्तार किया। सुनसरी एसपी रामेश्वर पौडेल ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी नकली नेपाली नोट छापकर सीमावतर्र भारतीय बाजारों में सप्लाई करते थे। भारतीय बाजारोें से ये नोट वापस नेपाल के बाजार में पहुंचते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजा राई, प्रकाश भंडारी, विवश राई, दीपेश शाक्य, मीन कुमार राई, मनीष राई ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया हे। पुलिस के अनुसार वे पिछले दो सालों से जाली नेपाली नोटों का धंधा कर रहे थे।