विवाहिता की हत्या
हरसिद्धि थानाक्षेत्र के ओलहा मिश्र टोला गांव में शुक्रवार की रात पारिवारिक विवाद में एक विवाहिता की हत्या उसके ससुराल के लोगों ने कर दी और शव को घर में छोड़कर भाग गए।
मोतिहारी। हरसिद्धि थानाक्षेत्र के ओलहा मिश्र टोला गांव में शुक्रवार की रात पारिवारिक विवाद में एक विवाहिता की हत्या उसके ससुराल के लोगों ने कर दी और शव को घर में छोड़कर भाग गए। इस सिलसिले में ससुराल वालों की शिकार हुई बृजकिशोर महतो की पत्नी सावित्री देवी (35 वर्ष) के भाई पहाड़पुर थाना के नरकटिया बनकटी निवासी पन्नालाल महतो ने स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में पन्नालाल महतो ने कहा है कि उसका पति बृजकिशोर महतो दिल्ली में रिक्शा चलाकर घर पर रुपये भेजता था। मेरी बहन के पति द्वारा भेजे जानेवाले पैसे से ही परिवार चलता था। लेकिन, बहनोई की अनुपस्थिति में परिवार वाले घर की संपत्ति में हिस्सा को लेकर मेरी बहन के साथ हमेशा मारपीट करते थे। इसी क्रम में शुक्रवार की रात परिवार के लोगों ने साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी। सावित्री की मौत के बाद घरवाले फरार हो गए। सावित्री अपने पीछे चार लड़कियां व एक पुत्र छोड़ गई है। प्राथमिकी में सास लक्ष्मीना देवी, ससुर रमा महतो, देवर मनोज महतो एवं अमरजीत महतो को नामजद किया गया है। इस बावत प्रभारी थानाध्यक्ष मयंकेश्वर महतो ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है। नामजद लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।