मोतिहारी में सूर्य किरण शो पर बारिश का ब्रेक, आज नहीं तो 25 को आसमान में गरजेंगे हॉक
मोतिहारी में पहली बार होने वाले सूर्य किरण एरोबेटिक शो पर बारिश के कारण अनिश्चितता छाई हुई है, जिससे गुरुवार ...और पढ़ें

गांधी मैदान में एयर शो की तैयारी का निरीक्षण करते एयर फोर्स के अधिकारी
HighLights
मोतिहारी में सूर्य किरण एरोबेटिक शो पर बारिश का ग्रहण।
गुरुवार का प्रदर्शन अनिश्चित, 25 सितंबर वैकल्पिक तिथि।
जिला प्रशासन और एयरफोर्स मौसम पर रख रहे कड़ी नजर।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मोतिहारी में पहली बार होने वाले बहुप्रतीक्षित सूर्य किरण एरोबेटिक शो पर बारिश ने ग्रहण लगा दिया है। बुधवार की रात से लगातार हो रही बारिश के कारण गुरुवार को होने वाले हवाई प्रदर्शन को लेकर संशय की स्थिति बनी रही।
गांधी मैदान में एयर शो के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण दर्शकों की भीड़ नहीं जुट सकी। अब एयरफोर्स के अधिकारी और जिला प्रशासन की टीम मौसम के अनुकूल होने का इंतजार कर रही है।
बताया गया कि मौसम में सुधार होने और आसमान साफ होने की स्थिति में गुरुवार की शाम करीब तीन बजे सूर्य किरण एरोबेटिक टीम का हवाई प्रदर्शन कराया जा सकता है।
इसके लिए आयोजन स्थल पर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था पहले से तैयार रखी गई है। हालांकि लगातार बारिश के कारण आयोजन को लेकर अंतिम निर्णय मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा।

मौसम साफ हुआ तो आज ही आसमान में दिखेगा रोमांच
सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के करतब देखने के लिए जिले के लोगों में खासा उत्साह है। पहली बार मोतिहारी में आयोजित होने वाले इस एयर शो को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।
गांधी मैदान में दर्शकों के लिए आवश्यक व्यवस्था भी की गई है। लेकिन बारिश ने तैयारियों के बीच चुनौती खड़ी कर दी है। जिला प्रशासन और एयरफोर्स के अधिकारी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार हवाई प्रदर्शन के लिए मौसम का अनुकूल होना जरूरी है। बारिश और खराब दृश्यता की स्थिति में विमान उड़ान भरना संभव नहीं होगा।
25 सितंबर को भी आयोजन का विकल्प
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बताया कि मौसम अनुकूल रहने पर गुरुवार को ही एयर शो का आयोजन कराया जाएगा। यदि मौसम की स्थिति प्रदर्शन के अनुकूल नहीं रही तो 25 सितंबर को सूर्य किरण एरोबेटिक शो आयोजित किया जाएगा।
प्रशासन की नजर अब मौसम के बदलते मिजाज पर टिकी है। लोगों को भी आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले प्रशासन की ओर से जारी सूचना पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- हॉक विमानों की गर्जना से गूंजा मोतिहारी का आसमान, 25 को नौ विमान भरेंगे रोमांचक उड़ान
