'भाभी से बोली- 2 मिनट में आती हूं...', मोतिहारी में अस्पताल से गायब हो गई दो बच्चों की मां
East Champaran News : मोतिहारी के सदर अस्पताल से इलाज कराने आई दो बच्चों की मां अचानक गायब हो गई, ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मोतिहारी सदर अस्पताल से दो बच्चों की मां गायब।
भाभी को 'दो मिनट में आती हूं' कहकर गई थी।
पति ने नगर थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। East Champaran News : बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंची दो बच्चों की मां के अचानक गायब होने से स्वजन परेशान हैं। भाभी को महज दो मिनट में लौटने की बात कहकर गई महिला घंटों बाद भी वापस नहीं लौटी।
काफी देर तक इंतजार के बाद जब उसके मोबाइल पर संपर्क किया गया तो फोन बंद मिला। अस्पताल परिसर से लेकर आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिला। मामले में पति धीरज ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
भाभी के साथ पहुंची थी अस्पताल
पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अपनी भाभी के साथ इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंची थी। दोनों ने अलग-अलग पंजीकरण कराया और इलाज के लिए अलग-अलग वार्ड में चली गईं। इलाज कराने के बाद भाभी ने फोन कर साथ चलने के लिए कहा। इस पर महिला ने थोड़ी देर में आने की बात कही।
इंतजार करती रही भाभी, बंद मिला मोबाइल
काफी देर तक महिला के नहीं लौटने पर भाभी ने दोबारा उसके मोबाइल पर फोन किया। फोन बंद मिलने के बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसकी जानकारी स्वजनों को दी गई। इसके बाद परिवार के लोग सदर अस्पताल पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की।
अस्पताल से आसपास तक खोजबीन
स्वजनों ने अस्पताल परिसर के अलावा आसपास के रास्तों और संभावित ठिकानों पर भी महिला की तलाश की। कई घंटे तक खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। मोबाइल बंद होने से स्वजनों की चिंता और बढ़ गई है। महिला के दो बच्चे हैं। उनके भी मां के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस उसके मोबाइल और अस्पताल से जुड़े घटनाक्रम समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
