मोतिहारी में भू-माफिया के घर पुलिस का छापा, भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद; ₹15 करोड़ से अधिक की संपत्ति
पूर्वी चंपारण पुलिस ने मोतिहारी के छतौनी में एक भू-माफिया के घर पर छापा मारा। छापेमारी में दो राइफल, दो ...और पढ़ें
संवाद सहयोगी, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण पुलिस की विशेष टीम ने जिले के छतौनी थानाक्षेत्र के छतौनी स्थित भू माफिया के घर पर सोमवार की रात छापेमारी कर दो राइफल, दो पिस्टल, 100 कारतूस, 15 करोड़ से अधिक के जमीन के दस्तावेज, 27 लाख नकदी भी जब्त किया गया है।
भूमि माफिया राकेश शर्मा का पुत्र साहिल शर्मा गिरफ्तार किया गया है। राकेश की गिरफ्तारी के लिए मोतिहारी सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पांडे के नेतृत्व में छापेमारी की जा रही है।
बताया गया है कि माफिया के घर में अवैध धन व प्रतिबंधित वस्तुओं के होने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जिले के तीन एसडीपीओ के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस टीम को छापेमारी के लिए तैनात किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो राइफल, दो पिस्टल और करीब 100 कारतूस जब्त किया।
छापे के दौरान घर से 27 लाख रुपये कैश, 65 से अधिक रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज व छह बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। जब्त दस्तावेजों का मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को मौके से गिरफ्तार किया है। बरामद हथियार, नकदी और जमीन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। छापेमारी की इस कार्रवाई के बाद जिले के भूमि माफियाओं में हड़कंप मचा है।
पुलिस की विशेष टीम से छापेमारी कराई गई है। छापेमारी में कैश, जमीन के दस्तावेज, आग्नेयास्त्र, कारतूस, शराब आदि जब्त किया गया है। पुलिस सभी जब्त चीजों का सत्यापन कर रही है। गिरफ्तार भूमि-माफिया के पुत्र से पूछताछ की जा रही है। इस दौरान सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। -स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी
यह भी पढ़ें- 'राहुल गांधी ने धक्का दिया', बिहार की प्रेग्नेंट पत्रकार ने कांग्रेस के मार्च में बदसलूकी का लगाया आरोप
