मोतिहारी में वाणिज्यकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, पटाखा कारोबारी के यहां 60 लाख का माल जब्त
जीएसटी विभाग ने मोतिहारी में कर अपवंचना की आशंका पर बड़ी कार्रवाई की है। एक पटाखा कारोबारी के प्रतिष्ठान से ...और पढ़ें

अवधेश चौक स्थित ट्रांसपोर्टर के गोदाम में जांच करते वाणिज्यकर विभाग के अधिकारी। सौजन्य- जिला प्रशासन
HighLights
जीएसटी विभाग ने मोतिहारी में कर अपवंचना पर बड़ी कार्रवाई की।
पटाखा कारोबारी के प्रतिष्ठान से 60 लाख रुपये का माल जब्त हुआ।
एक ट्रांसपोर्टर के गोदाम में दस्तावेजों की पड़ताल जारी है।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। शहर में जीएसटी विभाग ने कर अपवंचना की आशंका को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव, बिहार के निर्देश पर जीएसटी विभाग, मोतिहारी और जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो, मुजफ्फरपुर की संयुक्त टीम ने गुदरी बाजार स्थित एक बड़े पटाखा कारोबारी और अवधेश चौक स्थित एक ट्रांसपोर्टर के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान पटाखा कारोबारी के प्रतिष्ठान से करीब 60 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। वहीं, ट्रांसपोर्टर के गोदाम में कुछ सामान के इनवायस नहीं मिले। दस्तावेजों में दर्ज विवरण और वास्तविक स्टाक के बीच भी अंतर पाया गया है।
ट्रांसपोर्टर के यहां जांच जारी है। संयुक्त टीम ने गुदरी बाजार स्थित पटाखा कारोबारी के प्रतिष्ठान पर निरीक्षण की कार्रवाई पूरी कर ली है। यहां से करीब 60 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया।
अब विभाग खरीद-बिक्री के विवरण, स्टाक, जीएसटी रिटर्न और अन्य कारोबारी अभिलेखों की जांच कर रहा है। उपलब्ध दस्तावेजों और भौतिक रूप से मौजूद माल का मिलान करने के बाद ही अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जीएसटी कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रांसपोर्टर के गोदाम में दस्तावेजों की पड़ताल
अवधेश चौक स्थित ट्रांसपोर्टर के प्रतिष्ठान पर भी संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। गोदाम में रखे कुछ सामान के संबंध में इनवायस प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं, कुछ सामान के दस्तावेजों में दर्ज विवरण और मौके पर उपलब्ध माल के बीच अंतर मिला।
अधिकारी अब इनवायस, ई-वे बिल, स्टाक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित सामान का परिवहन और भंडारण किन दस्तावेजों के आधार पर किया गया था। जांच पूरी होने के बाद ही विसंगतियों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
राज्य-कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), मोतिहारी संतोष कुमार ने बताया कि कर अनुपालन सुनिश्चित करने और कर अपवंचना की आशंका पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नियमानुसार निरीक्षण एवं जांच की जा रही है।
पटाखा कारोबारी के यहां निरीक्षण पूरा हो चुका है, जबकि ट्रांसपोर्टर के यहां जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जीएसटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने करदाताओं से वास्तविक कारोबार का सही लेखांकन करने, समय पर जीएसटी रिटर्न दाखिल करने और नियमानुसार देय कर का भुगतान करने की अपील की।
