विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी के बलुआ टाल में सरेशाम सब्जी दुकानदार को मारी गोली, दहशत

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:19 PM (IST)

मोतिहारी में बाइक सवार बदमाशों ने सब्जी दुकानदार नीरज कुमार को सरेशाम गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, हालांकि गोली मारने का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है।

पूर्वी चंपारण के बलुआ टाल इलाके में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। जागरण

पूर्वी चंपारण के बलुआ टाल इलाके में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। जागरण

HighLights

  1. मोतिहारी में सब्जी दुकानदार नीरज कुमार को गोली मारी गई।

  2. बाइक सवार छह बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, मकसद अज्ञात।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बाइक सवार बदमाशों ने रविवार को सरेशाम नगर थानाक्षेत्र के बलुआ टाल में सब्जी दुकानदार नीरज कुमार (21) को गोली मार दी। गोली व्यवसायी के कंधे में लगी है। गंभीर रूप से जख्मी नीरज को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना को अंजाम देने के लिए दो बाइक पर सवार छह बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। नीरज रघुनाथपुर थानाक्षेत्र के चमड़ा गोदाम निवासी दयाल साह का पुत्र है। वह बलुआ बाजार में सब्जी की दुकान चलाता है। वह अपनी दुकान से भुजा खाने के लिए निकला था।

इसी दौरान सिटी एक माल के पास दो बाइक पर सवार करीब छह बदमाश वहां पहुंचे। नीरज को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली सिंह मार्केट में एक बंद चाय दुकान के पास उसे गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा।

अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायल नीरज को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। मामले में स्थानीय लोगों ने एक युवक की पहचान पुलिस को बताई है। वह हरसिद्धि का है। पुलिस उसकी खोज कर रही है।

घायल नीरज ने पुलिस को बताया है कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं है। परिजनों ने भी किसी से दुश्मनी होने की बात से इनकार किया है। ऐसे में युवक को गोली मारने के पीछे बदमाशों का मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किया है। घटनास्थल के आसपास लगे क्लोज सर्किट टेलीविजन कैमरों का फुटेज खंगाला जा रहा है। सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।