मोतिहारी में भवन निर्माण विभाग कार्यालय में संवेदक ने की फायरिंग, कनीय अभियंता बाल-बाल बचे
मोतिहारी के भवन निर्माण विभाग कार्यालय में एक संवेदक ने कनीय अभियंता पर गोली चलाई, जो दीवार पर लगी। यह घटना ढाका अनुमंडल कोर्ट भवन के निर्माण राशि विवाद के बाद हुई।

पूर्वी चंपारण में भवन निर्माण का कार्यालय यही पर हुई फायरिंंग। जागरण
HighLights
मोतिहारी भवन निर्माण विभाग कार्यालय में फायरिंग की घटना।
संवेदक सानू पटेल ने कनीय अभियंता को निशाना बनाया।
ढाका कोर्ट भवन निर्माण राशि विवाद का कारण बना।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। सरकारी दफ्तर में प्राक्कलन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गोलीबारी तक पहुंच गया। भवन निर्माण विभाग के कार्यालय में गुरुवार को एक संवेदक ने फायरिंग कर दी।
गोली कनीय अभियंता चंदन कुमार को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। गोली कार्यालय की दीवार में जा लगी। घटना के बाद आरोपित संवेदक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
चार लाख के प्राक्कलन पर छह लाख की मांग
जानकारी के अनुसार, शहर के चांदमारी निवासी संवेदक सानू पटेल गुरुवार को भवन निर्माण विभाग के कार्यालय पहुंचे थे। ढाका में बन रहे अनुमंडल न्यायालय भवन के निर्माण कार्य को लेकर प्राक्कलित राशि चार लाख रुपये से बढ़ाकर छह लाख रुपये करने की मांग की जा रही थी। इसी सिलसिले में संवेदक ने कनीय अभियंता चंदन कुमार से प्राक्कलन मांगा।
विवाद बढ़ा तो चला दी गोली
प्राक्कलन को लेकर संवेदक और कनीय अभियंता के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि संवेदक ने एक चक्र गोली चला दी। गोली कनीय अभियंता को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन उन्हें नहीं लगी और दीवार में जा धंसी।
कारतूस उठाकर मौके से फरार
फायरिंग के बाद आरोपित संवेदक ने मौके से खाली कारतूस उठाया और वहां से फरार हो गया। गोली चलने की घटना से कार्यालय में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
पुलिस ने कार्यालय में लगे क्लोज सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) कैमरे के फुटेज की जांच की। इसके आधार पर संवेदक सानू पटेल की पहचान की गई है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है।
नगर थाना के पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज से संवेदक की पहचान हुई है। विवाद के संबंध में अब तक आवेदन नहीं मिला है। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।