मोतिहारी अरेराज मार्ग पर बस ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत के बाद चालक फरार
मोतिहारी-अरेराज मार्ग पर दुर्गा चौक के पास एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार उमेश कुमार को रौंद दिया, जिससे उसकी ...और पढ़ें

रघुनाथपुर थाना पुलिस ने बस और बाइक को जब्त कर लिया।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari Areraj Road Accident: रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मोतिहारी-अरेराज मार्ग स्थित दुर्गा चौक के पास शनिवार सुबह अनियंत्रित बस ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया।
हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। हादसे से नाराज लोगों ने मोतिहारी-अरेराज मार्ग को जाम कर विरोध जताया।
सूचना पर पहुंची रघुनाथपुर थाना पुलिस ने बस और बाइक को जब्त कर लिया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
समझाने पर हटाया जाम
पुलिस ने नाराज लोगों को समझाकर सड़क से हटाया, जिसके बाद आवागमन शुरू हो सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हादसे में मृत युवक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के मठवा गांव निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई है। वह बाइक से मजदूरी करने मोतिहारी आ रहा था। इसी दौरान मोतिहारी की तरफ जा रही भवानी बस ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी।
सेल फोन से हुई पहचान
बस की ठोकर लगने के बाद उमेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उमेश के पास से मिले सेल फोन के आधार पर पुलिस ने उसके स्वजनों को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और बाइक को जब्त कर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद परिवार के लोगों में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- बिहार के पूर्वी चंपारण में तालाब में डूबने से चार बच्चियों की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा
