अब बच्चे की उम्र घटाकर नहीं बच पाएंगे, मोतिहारी में प्रधानाध्यापक और माता-पिता पर प्राथमिकी
मोतिहारी में किशोर न्याय बोर्ड की सुनवाई को प्रभावित करने के लिए बच्चे की उम्र घटाने के मामले में स्कूल के प्रधानाध्यापक और माता-पिता पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मोतिहारी में उम्र घटाने के लिए स्कूल दस्तावेज में हेरफेर।
प्रधानाध्यापक, माता-पिता पर प्राथमिकी, पुलिस जांच जारी।
मूल रजिस्टर और टीसी में जन्मतिथि में बड़ा अंतर।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। उम्र कम दिखाने के लिए स्कूल के दस्तावेज में हेरफेर कर किशोर न्याय बोर्ड की सुनवाई को प्रभावित करने का मामला सामने आया है।
बोर्ड में पेश ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) में जन्मतिथि एक जनवरी, 2009 दर्ज थी, जबकि स्कूल के मूल नामांकन रजिस्टर में जन्मतिथि 15 मार्च, 2006 मिली। तीन साल के इस अंतर ने पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला दिया।
किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बोर्ड के बेंच क्लर्क नरेंद्र कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर नगर थाने की पुलिस ने स्कूल के प्रधानाध्यापक मदन बैठा, किशोर के माता-पिता समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
किशोर की उम्र को लेकर किशोर न्याय बोर्ड, पूर्वी चंपारण में सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने बोर्ड में शपथपत्र देकर दावा किया कि उनका बेटा राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बरियारा, मेहसी में पढ़ता था।
स्कूल के रिकार्ड में उसकी जन्मतिथि एक जनवरी, 2009 दर्ज है। उम्र के समर्थन में टीसी भी प्रस्तुत किया गया। दस्तावेज की सत्यता पर सवाल उठने के बाद बोर्ड ने स्कूल के प्रधानाध्यापक मदन बैठा को मूल अभिलेखों के साथ तलब किया।
जब स्कूल का नामांकन रजिस्टर संख्या-01 सामने आया तो उसमें दर्ज जन्मतिथि 15 मार्च, 2006 थी। उसका नामांकन 20 अप्रैल, 2012 को हुआ था। बोर्ड के सामने प्रधानाध्यापक ने स्वीकार किया कि वर्ष 2009 की जन्मतिथि वाले टीसी पर उनके हस्ताक्षर हैं।
प्रधानाध्यापक के अनुसार मां ने आधार कार्ड का हवाला देते हुए गलत जन्मतिथि दर्ज करने के लिए दबाव डाला था। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित टीसी जारी करने की प्रविष्टि स्कूल की आधिकारिक रिकार्ड बुक में नहीं की गई थी।
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस स्कूल के मूल अभिलेखों, टीसी जारी करने की प्रक्रिया और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच करेगी। इस आधार पर कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर से पटना 45 मिनट में, ड्राई पोर्ट और उद्योगों से बदलेगी बिहार की तस्वीर
