दहेज के लिए विवाहिता की हत्या
शहर के जमला रोड में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को जला देने का मामला प्रकाश में आया है।
मोतिहारी। शहर के जमला रोड में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को जला देने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में मुफस्सिल थाना के मलकौनिया गांव निवासी त्रिभुवन प्रसाद ने एसपी को आवेदन देकर कहा है कि उसके पुत्री की शादी छह वर्ष पूर्व ढाका थाना के करमवा गांव निवासी अमित कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद उसने दो बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। उसके ससुराल वाले अभी नगर थाना क्षेत्र के जमला रोड में रहते हैं। शादी के बाद से ही पति, सास वीणा देवी के द्वारा दो लाख रुपये की मांग की जाने लगी। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। शव को गायब कर दिया गया। इस बीच पूर्व में भी उसे चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया गया था। उसकी पुत्री ने प्रताड़ना का मुकदमा भी नगर थाना में दर्ज कराई थी। फिर समझौता के बाद उसे विदा करा ले गए व उसकी हत्या कर दी। वही बच्चों को घर पहुंचा दिए। आवेदन में पति, सास, दिनेश प्रसाद, चंद्ररेखा देवी सहित अन्य लोगों ने उसकी हत्या कर दी है। एसपी ने नगर थाना को कार्रवाई को निर्देश दिया है।