मोतिहारी में कांवड़िया को रौंदकर फरार हुई पिकअप, परिवार में पसरा मातम
मोतिहारी में सोमेश्वर धाम जा रहे एक कांवड़िया को अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से ...और पढ़ें

दूसरे अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही कांवरिया की मौत हो गई।
HighLights
कांवड़िया को अज्ञात पिकअप ने टक्कर मारी, गंभीर घायल।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई दुखद मौत।
पुलिस फरार पिकअप और चालक की तलाश में जुटी।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालबेगिया पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने अरेराज स्थित सोमेश्वर धाम मंदिर में पैदल जल चढ़ाने जा रहे कांवड़िया को ठोकर मार दी।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया।
दूसरे अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही कांवरिया की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहरवा गांव निवासी सीताराम सहनी के पुत्र महवीर सहनी के रूप में हुई है।
महवीर हलवाई का काम करते थे। वह पिछले कई वर्षों से प्रत्येक वर्ष सोमेश्वर धाम में जल चढ़ाने के लिए पैदल जाते थे। उनके परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र है, तीनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है।
महवीर अपने पुत्र की शादी करने की तैयारी में थे, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। करीब ढाई वर्ष पहले ही उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। पत्नी के निधन के बाद महवीर ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात पिकअप की पहचान में जुटी है।
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ हादसे के बाद फरार वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।
यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण : मां और नाना के साथ इलाज कराने जा रहा था मासूम, ट्रक ने बाइक में मारी ठोकर; मौत
