पूर्वी चंपारण : मां और नाना के साथ इलाज कराने जा रहा था मासूम, ट्रक ने बाइक में मारी ठोकर; मौत
पूर्वी चंपारण में इलाज कराने जा रहे 18 माह के मासूम अमन की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। ...और पढ़ें

मोतिहारी में घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोग।
HighLights
18 माह के मासूम अमन की ट्रक की टक्कर से मौत।
मां शाहजहां खातून और नाना शमशाद आलम गंभीर घायल।
ग्रामीणों ने मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर जाम किया।
संवाद सहयोगी, बंजरिया (पूर्वी चंपारण)। मासूम अमन को इलाज कराने के लिए मां और नाना बाइक से शहर जा रहे थे। परिवार को क्या पता था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी खुशियां छिन जाएंगी।
चैलाहां-फुलवार मार्ग पर गोबरी मोड़ के समीप पीछे से आए ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में 18 माह के अमन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसकी मां शाहजहां खातून और नाना शमशाद आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
पीछे से ट्रक ने मारी ठोकर
थानाध्यक्ष निभा कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शमशाद आलम अपनी बेटी शाहजहां खातून और नाती अमन को लेकर शहर में चिकित्सक के यहां इलाज कराने जा रहे थे।
इसी दौरान गोबरी मोड़ के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और नाना गंभीर रूप से घायल हो गए।
पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। घायल मां और नाना का सदर अस्पताल में इलाज जारी है।
मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चैलाहां-फुलवार मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृत मासूम के स्वजनों को मुआवजा देने और गोबरी मोड़ के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। उनका कहना था कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे का खतरा बना रहता है।
अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना पर सीओ कृष्ण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया और आवागमन सुचारू कराया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
