Entrance Exam : किसका पूरा होगा जवाहर नवोदय विद्यालय का सपना, मोतिहारी में 4022 बच्चों की चयन परीक्षा
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा शनिवार को होगी, जिसमें 4022 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने 6 केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

मोतिहारी में शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
4022 परीक्षार्थी 6 केंद्रों पर देंगे परीक्षा।
जिला प्रशासन ने कदाचारमुक्त परीक्षा की तैयारी की।
उड़नदस्ता और पुलिस बल केंद्रों पर तैनात।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। जवाहर नवोदय विद्यालय में दाखिले का सपना संजोए हजारों बच्चों के लिए शनिवार का दिन अहम होगा। चयन परीक्षा में शामिल होकर वे अपनी प्रतिभा साबित करेंगे।
पूर्वी चंपारण जिले में परीक्षा को लेकर छह केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 4022 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर निगरानी तक की पूरी तैयारी की है।
छह केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले में चयन परीक्षा के लिए छह विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें जिला स्कूल में 744, एमजेके बालिका इंटर कालेज में 983, मंगल सेमिनरी स्कूल में 662, गोपाल साह स्कूल में 864, मुजीब बालिका प्लस टू स्कूल में 455 और प्रभावती गुप्ता बालिका उच्च विद्यालय में 314 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
एमजेके बालिका इंटर कालेज में सबसे अधिक परीक्षार्थी
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या अलग-अलग निर्धारित की गई है। एमजेके बालिका इंटर कालेज में सबसे अधिक 983 बच्चे परीक्षा देंगे। वहीं, प्रभावती गुप्ता बालिका उच्च विद्यालय में सबसे कम 314 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई है।
पुलिस पदाधिकारी और जवान रहेंगे तैनात
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत सभी छह परीक्षा केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
दो डीपीओ को मिली उड़नदस्ता की जिम्मेदारी
कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन और केंद्रों की निगरानी के लिए शिक्षा विभाग के दो डीपीओ उमेश कुमार और ब्रजेश कुमार को उड़नदस्ता प्रभारी बनाया गया है। दोनों अधिकारियों को तीन-तीन परीक्षा केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
सभी केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू रहेगी। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने परीक्षा के दौरान कदाचार रोकने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।