बापूधाम मोतिहारी में भी रुकेगी छेहरट्टा मुजफ्फरपुर स्पेशल, पंजाब से बिहार आने में होगी सुविधा
Railway Board New Notification: पर्व-त्योहारों के दौरान पंजाब से बिहार आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए छेहरट्टा-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन ...और पढ़ें

मोतिहारी में ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित कर दिया गया है।
HighLights
छेहरट्टा-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन का मोतिहारी में ठहराव सुनिश्चित।
पर्व-त्योहारों में पंजाब से बिहार आने वाले यात्रियों को सुविधा।
स्थानीय सांसद की पहल पर रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Bapudham Motihari Train Stoppage: पर्व-त्योहार के मौसम में पंजाब से बिहार लौटने वाले रेल यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही विशेष ट्रेन का ठहराव अब बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर भी होगा।
रेलवे बोर्ड ने नई अधिसूचना जारी करते हुए इस ट्रेन के टाइम-टेबल में बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर ठहराव को शामिल कर लिया है।
19 अक्टूबर से होगा संचालन
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 04640 छेहरट्टा-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन का परिचालन 19 अक्टूबर से शुरू हो रहा है।
यह ट्रेन पंजाब में अमृतसर के समीप छेहरट्टा स्टेशन से चलाई जा रही है, जिससे छठ और दिवाली में घर आने वाले पूर्वी चंपारण के यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।
ट्रेन का समय और रूट
यह विशेष ट्रेन छेहरट्टा से सुबह 8:35 बजे प्रस्थान करेगी। अपने मार्ग में यह अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, अंबाला, जगाधरी, सहारनपुर, गोरखपुर और नरकटियागंज होते हुए अगले दिन दोपहर 13:10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
सांसद की पहल
उल्लेखनीय है कि पूर्व में जारी पहली अधिसूचना में इस विशेष ट्रेन का ठहराव बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर नहीं दिया गया था। स्थानीय सांसद की ओर से इस संबंध में रेलवे बोर्ड से वार्ता किए जाने के बाद बोर्ड ने संशोधित अधिसूचना जारी कर मोतिहारी में ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित कर दिया है।
यात्रियों को होगी बड़ी राहत
बापूधाम मोतिहारी में ठहराव मिलने से अब पूर्वी चंपारण जिले और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले रेल यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। विशेषकर त्योहारों के दौरान पंजाब में काम करने वाले बिहार के लोगों को सीधे अपने गंतव्य तक पहुँचने में आसानी होगी।
