विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPS अधिकारी हेमंत सिंह ने रक्सौल थाने का संभाला प्रभार, पहले ही दिन बता दिया अपना प्लान

Published: Fri, 13 Mar 2026 03:54 PM (IST)

आईपीएस अधिकारी हेमंत सिंह ने रक्सौल थाना प्रभारी का पदभार संभाला। उन्होंने निवर्तमान थाना प्रभारी अभिषेक कुमार से कार्यभार ग्रहण ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, रक्सौल (पूच)। रक्सौल थाना में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हेमंत सिंह ने थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। व्यवहारिक प्रशिक्षण के तहत उन्हें रक्सौल थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रक्सौल पहुंचने पर निवर्तमान थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा।

पदभार ग्रहण करने के बाद थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए थाना प्रभारी ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा थाना क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। पत्रकारों से बातचीत में थाना प्रभारी हेमंत सिंह ने कहा कि रक्सौल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा महत्वपूर्ण शहर है, इसलिए यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण तस्करी, अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस गश्ती व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा तथा नियमित पेट्रोलिंग, वाहन जांच और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा और पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति सहयोगात्मक व संवेदनशील रहेगा।