शराबबंदी वाले बिहार के पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब पीने से एक की मौत, दो की हालत गंभीर
Hooch Tragedy Bihar: प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी शुरू कर दी है। बीमारों ...और पढ़ें

प्रभावित इलाके में जांच करती पुलिस। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, मोतिहारी/तुरकौलिया (पूर्वी चंपारण)। East Champaran News: बिहार में शराबबंदी के बीच पूर्वी चंपारण जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं।
इस घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मोतिहारी के अस्पताल में इलाज
मृतक की पहचान रघुनाथपुर निवासी सुरेश प्रसाद के पुत्र चंदू साह के रूप में हुई है। वहीं बीमार लोगों में इसी थाना क्षेत्र के नंदकिशोर ठाकुर के पुत्र लोहा ठाकुर और रमेश साह के पुत्र लड्डू साह उर्फ जितेंद्र शामिल हैं। दोनों का इलाज मोतिहारी के अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
आंखों की रोशनी पर भी असर
जानकारी के अनुसार, तीनों ने बालगंगा मुशहरी टोला स्थित एक अवैध शराब ठिकाने से शराब खरीदकर पी थी। सेवन के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इस दौरान चंदू साह की मौत हो गई, जबकि अन्य दो की आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल संज्ञान लिया है। मोतिहारी सदर के एसडीएम और एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर प्रभावित इलाके में छापेमारी की जा रही है।
बेचने वाले की हुई पहचान
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि अवैध शराब बेचने वाले की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एंटी लिकर टास्क फोर्स की टीम परसौनी मुशहरी टोला और तुरकौलिया के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही है।
घटना की विस्तृत जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी लगाया गया है, ताकि शराब के नमूनों की जांच कर सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
क्षेत्रों में छापेमारी जारी
एसपी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। इसके आधार पर संबंधित क्षेत्रों में छापेमारी जारी है और जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने के साथ पुलिस की टीम ने प्रभावित इलाके में पहुंचकर पूरी जानकारी ली है। इस आधार पर संबंधित इलाके में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने अवैध शराब धंधेबाज की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शीघ्र उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
