अगलगी में पांच घर जले, लाखों की संपत्ति जली
पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया और केसरिया थानाक्षेत्र में मंगलवार की रात हुई अगलगी की घटना में पांच घर जल गए।
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया और केसरिया थानाक्षेत्र में मंगलवार की रात हुई अगलगी की घटना में पांच घर जल गए। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा है। घर जलने के बाद पीड़ित खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। परिवार में कोहराम मचा है। प्रशासनिक स्तर पर पीड़ितों को सहायता मुहैया कराने की कवायद की जा रही है।
तुरकौलिया, संस. : प्रखंड की चरगाहां पंचायत के मोहब्बत छपरा गांव में मंगलवार की रात आग लगने से दो घर जलकर राख हो गए। घटना में नकदी सहित हजारों की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि आग लगने के बाद स्थानीय लोगों की सक्रियता से आग पर काबू पाया जा सका। घटना में सुभाष भगत व रामानंद भगत का घर जला है। बताया जा रहा है कि घर के सभी सदस्य पूजा करने छठ घाट पर गए थे। इसी दौरान अचानक से घर में आग लग गई। देखते-देखते आग की लपटों ने पूरे घर को घेर लिया। जबतक लोग वहां पहुंचते दोनों घर जल कर राख हो गए थे। पूर्व मुखिया सह राजद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव विनोद महतो ने बताया कि नकदी सहित अनाज, कपड़ा, फर्नीचर समेत करीब 70 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है। सीओ संतोष कुमार सुमन ने बताया कि स्थानीय राजस्व कर्मचारी को क्षति आकलन रिपोर्ट के लिए मौके पर भेजा गया है। सीओ की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केसरिया, संस. : थानाक्षेत्र के बीजधरी सुंदरापुर में मंगलवार की रात आग लगने से तीन लोगों के घर जलकर राख हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पाया जा सका। समय से लोग नहीं पहुंचते तो बड़ी घटना हो सकती थी। बताया गया है कि छठ पूजा के लिए मंगलवार की शाम ग्रामीण महेंद्र राय और देवनंदन राय छठ पूज की खुशी में लगे थे। इस बीच अचानक से उनके घर में आग लग गई। अभी लोग कुछ कर पाते कि आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के नकदी, वस्त्र समेत लाखों की संपत्ति जल गई। वहीं लोहरगावां गांव में हुई अगलगी की घटना में रामनरेश राम का घर जलकर राख हो गया। हादसे में एक बाइक समेत लाखों की संपत्ति जल गई। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद घटनास्थल पर पुलिस बल और अग्निशमन दस्ते को भेजा गया। कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।