बिहार: पूर्वी चंपारण में भीषण अगलगी में जले आशियाने, दो लोग बुरी तरह झुलसे
पूर्वी चंपारण के पोखरा टोला में हुई भीषण अागजनी की घटना में कई घर जलकर राख हो गए। घटना में दो लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कई जगहों पर अगलगी की घटना हुई है।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। जिले के मलाही थानाक्षेत्र के पोखरा टोला में हुई भीषण अगलगी में ग्यारह परिवारों का आशियाना जल गया। घटना में लगभग दस लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। आग बुझाने के क्रम में दो लोग आंशिक रूप से झुलस गये और पांच मवेशियों की जान भी चली गयी।
घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया। आग लगने से काफी अफरा तफरी मच गया था। ग्रामीणों के काफी प्रयास से आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भी भीषण थी की देखते ही देखते कई घर आग के हवाले हो गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पीड़ितों में शोभा देवी, उमेश साह, मेघ साह, मंती देवी, पन्नलाल साह, मुजीरा कुंवर, आलोक साह, लालपरी देवी, सोनू साह, सुरेन्द्र साह व इंद्रजीत साह के घर में रखा गया राशन, आभूषण, कपड़ा व आवश्यक समान जलकर नष्ट हो गया है।
अग्निकांड की सूचना पर गोविन्दगंज विधायक राजू तिवारी गुरुवार को मलाही पोखरा टोला पहुंचे। एसडीएम विजय कुमार पाण्डेय को तुरंत राहत सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विधायक श्री तिवारी ने कहा कि राहत सामग्री व अन्य प्रशासनिक सहयोग में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीड़ित परिवार को हर हाल में मुआवजा मिलना चाहिए। एसडीएम के निर्देश पर सीओ रघुनाथ तिवारी व मलाही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। जहां विधायक, सीओ व स्थानीय मुखिया सुनील कुमार ने अग्निपीड़ितों को 98-98 हजार रुपये का चेक दिया । वही पूर्व जिप सदस्य कृष्णा मिश्रा में अग्निपीड़ितों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग प्रशासन से की।
सिलेंडर फटने से पांच घर जले, लाखों का नुकसान
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना के मधुरापुर पंचायत वार्ड 5 में हुई अगलगी में 5 घर जलकर राख हो गए। इसमे लाखो रुपये का नुकसान हो गया। अगलगी का कारण एक घर मे गैस सिलेंडर का फटना बताया जा रहा है। अगलगी में रामदेव भंडारी समेत 5 परिवार के घर में रखे लाखों की संपत्ति स्वाहा हो गई।
राज्य के अलग-अलग जिलों में भी हुई आगजनी की घटनाएं
सुपौल जिले में शुक्रवार की सुबह रतनपुर थाना क्षेत्र के ढेना गांव में दो परिवार का चार घर जलकर राख हो गया। अनाज व नकदी समेत लाखों के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका और पूरा गांव जलने से बचाया जा सका । अग्निशामक दल भी मौके पर पहुंचा।
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना के माली चौक पर शुक्रवार की भोर बिजली की शॉट सर्किट से आग लगने से 15 दुकानें जलकर राख। अग्निशमन वाहन से आग पर काबू पाया गया।