मोतिहारी में दुर्गा पूजा ड्यूटी के दौरान फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, किराये के मकान से मिलीं कई वर्दियां
मोतिहारी में दुर्गा पूजा ड्यूटी के दौरान एक फर्जी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। उसके किराये के मकान से ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण मोतिहारी में फर्जी पुलिस कर्मी गिरफ्तार।
HighLights
फर्जी पुलिसकर्मी मोतिहारी में दुर्गा पूजा ड्यूटी पर गिरफ्तार।
किराये के मकान से कई पुलिस वर्दियां बरामद हुईं।
छह माह से लोगों को पुलिसकर्मी बनकर ठग रहा था।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। नगर थाना क्षेत्र के कचहरी चौक पर दुर्गा पूजा में ड्यूटी कर रहे एक फर्जी पुलिसकर्मी को पुलिस ने शनिवार की रात गिरफ्तार किया।
आरोपित खाकी वर्दी पहनकर शहर के विभिन्न इलाकों में खुद को पुलिसकर्मी बताता था और वर्दी का धौंस दिखाकर लोगों से पैसे की ठगी करता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अगरवा कब्रिस्तान के पास स्थित उसके किराये के मकान की तलाशी ली।
वहां से कई तरह की वर्दियां और पुलिसकर्मी के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ठीकहां भवानीपुर गांव निवासी मनोज राउत (42) के रूप में हुई है।
वह वर्तमान में अगरवा कब्रिस्तान के पास किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपित खाकी वर्दी पहनकर शहर में अलग-अलग जगहों पर लोगों को निशाना बनाता था। पुलिसकर्मी होने का रौब दिखाकर उनसे पैसे ऐंठने का आरोप है।
मकान से वर्दी समेत अन्य सामग्री बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित के किराये के मकान में छापेमारी कर तलाशी ली। इस दौरान कई तरह की वर्दियां और पुलिसकर्मी की पहचान दर्शाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
इनमें एक ऊंची वर्दी, बिहार पुलिस लिखा हुआ शोल्डर बैच, फाइवर का डंडा, आधार कार्ड, खाकी रंग का बेल्ट, पासपोर्ट साइज फोटो, पैनकार्ड, टोपी, फीता सहित अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस बरामद सामग्री की जांच कर रही है।
पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान फर्जी सिपाही ने बताया कि पुलिस के रूप में ड्यूटी कर सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाकर व वर्दी का धौंस दिखाकर पिछले छह माह से ठगी करता है।
साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित ने अब तक कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है और ठगी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता कहां-कहां रही है। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बाजार से वर्दी खरीदने की बात कही है।
मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। छापेमारी टीम में दारोगा जयनारायण राम, बीएच हनुमंत और पुलिस जवान शामिल थे। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क और ठगी के संभावित मामलों की जानकारी जुटा रही है।
