विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में दो बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता हिरासत में

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:42 PM (GMT+05:30)

पूर्वी चंपारण के डुमरियाघाट में दो किशोरियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने शवों को बरामद कर जांच शुरू की। पिता को हिरासत में लिया गया है।

घटनास्थल पर जांच करतीं एफएसएल की टीम व मौजूद स्थानीय लोग। जागरण

घटनास्थल पर जांच करतीं एफएसएल की टीम व मौजूद स्थानीय लोग। जागरण

HighLights

  1. पूर्वी चंपारण में दो किशोरियों की संदिग्ध मौत हुई।

  2. पुलिस ने पिता को हिरासत में लिया, मां लापता है।

  3. एफएसएल टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

संवाद सहयोगी, डुमरियाघाट (पूर्वी चंपारण)। पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थानाक्षेत्र के सेंभुआपुर गांव में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दो किशोरियों की मौत हो गई।

घटना के बाद स्वजन दोनों का शव लेकर दाह-संस्कार के लिए निकले। इस बीच पुलिस ने शवों को बरामद कर लिया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम बुलाई गई।

एफएसएल की टीम ने मौके से नमूना संग्रह किया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में बच्चियों के पिता संतोष राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

बच्चियों की मां घटना के बाद से अपने एक बच्चे को लेकर घर से फरार है। मरनेवाली बच्चियों में अंजलि कुमार (13) व जूली कुमारी (12) शामिल हैं।

बताया गया है कि संतोष बाहर रहकर काम करता है। घर पर बच्चियों व एक छोटे भाई के साथ बच्चियों की मां रहती थी। इस बीच कुछ वक्त से संतोष गांव पर था।

जानकारी के अनुसार सोमवार को अचानक संतोष राय की दो बच्चियों के मरने की सूचना सामने आई। बताया गया कि बच्चियों की मौत करंट लगने से हुई है।

शवों को दाह-संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लिया। इसी के साथ विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी मौके पर पहुंची। नमूना संग्रह किया गया।

मां द्वारा जहर देने की आशंका, पुलिस कर रही जांच

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के बाद दोनों किशोरियों की मां घर से लापता है। पुलिस को पता चला है कि बच्चियों को जहर दिया गया है।

हालांकि इसकी पुष्टि होनी शेष है। बच्चियों की मां के लापता होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बच्चियों के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटनास्थल से एफएसएल की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाया है। पुलिस घटनास्थल की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेन्दु ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

‘प्रथम दृष्टया जो तथ्य सामने आए हैं, उसके अनुसार दोनों बच्चियों की मां ने ही जहर देकर उनकी हत्या की है। वह फरार है। दोनों बच्चियों के पिता नागपुर में चालक का काम करते हैं। घर पर दोनों बच्चियों की मां तथा एक छोटा भाई रहते थे। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।’

-

संतोष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चकिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।