विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में 56 करोड़ के साइबर फ्रॉड की साजिश नाकाम, नौ शातिर गिरफ्तार

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:16 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल में पुलिस ने एक बड़े साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपितों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

पूर्वी चंपारण में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

HighLights

  1. पूर्वी चंपारण में साइबर अपराध गिरोह का पर्दाफाश।

  2. कंपनी के 56 करोड़ रुपये हड़पने की साजिश विफल।

  3. दुबई से जुड़े तार, नौ आरोपितों को दबोचा गया।

संवाद सहयोगी, पकड़ीदयाल (पूर्वी चंपारण)। पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराध के एक गिरोह का पर्दाफाश कर नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह एक कंपनी के बैंक खाते में जमा करीब 56 करोड़ रुपये दूसरे खातों में अवैध रूप से हस्तांतरित करने की साजिश रच रहा था। जांच में गिरोह के तार दुबई में बैठे साइबर अपराधियों से जुड़े मिले हैं।

मोतिहारी साइबर थाना को सूचना मिली थी कि एक गिरोह बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। इस पर छापेमारी दल का गठन कर पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। नौ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ और जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य कथित तौर पर बैंककर्मियों से कारपोरेट खातों की गोपनीय जानकारी लेते थे। इसमें खाताधारक का नाम, यूजर आईडी, मोबाइल नंबर और खाते में उपलब्ध रकम का विवरण शामिल था।

इसके बाद लिंक के जरिये मोबाइल पर ओटीपी भेजकर उसे हैक करने और नेट बैंकिंग में प्रवेश पाने की कोशिश की जाती थी। फिर स्विफ्ट कोड के माध्यम से रकम दुबई में बैठे साइबर अपराधियों से जुड़े खातों में भेजी जाती थी।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुबई में बैठे अपराधी हस्तांतरित रकम का 30 प्रतिशत अपने पास रखते थे। बाकी राशि यूएसडीटी क्रिप्टो करेंसी के जरिये विभिन्न खातों में मंगाई जाती थी। बाद में क्रिप्टो करेंसी बेचकर नकद या बैंक खातों में रकम हासिल की जाती थी।

पुलिस को आरोपितों के पास कैंप सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते का विवरण मिला। इस खाते में करीब 56 करोड़ रुपये जमा होने की जानकारी है। पुलिस के अनुसार, गिरोह 12 अक्टूबर 2026 की रात खाते की पूरी राशि अपने खातों में हस्तांतरित करने की योजना बना रहा था।

समय रहते मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कथित साजिश विफल कर दी। छापेमारी में 10 मोबाइल फोन, एक लैपटाप और दो चारपहिया वाहन जब्त किए गए। लैपटाप में संदिग्ध पोर्टल, बैंक लागिन से जुड़ी जानकारी और अन्य साक्ष्य मिले हैं। मामले में मोतिहारी साइबर थाना कांड संख्या 153/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मझार गांव निवासी आनंद किशोर, शिवहर जिले के सुंदरपुर खरौना निवासी अरविन्द कुमार और मनोरंजन कुमार, शिवहर जिले के चिकनौटा निवासी रामनाथ ठाकुर, पताही थाना क्षेत्र के गोनाही निवासी निरंजन यादव उर्फ नीरज कुमार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवापुर निवासी संतोष राम उर्फ संतोष कुमार, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के बिजुलपुर बकसवा निवासी संदीप कुमार, पहाड़पुर थाना क्षेत्र के कोटवा बाजपेयी टोला निवासी विजय कुमार और सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर भरवलिया निवासी पप्पू जायसवाल शामिल हैं।

साइबर के अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों की गोपनीय जानकारी देने वालों और धन के लेन-देन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मोतिहारी के सरकारी अस्पताल में आधा दर्जन सिविल सर्जन बदले, फिर भी नेत्र रोग विभाग की व्यवस्था चौंकाने वाली