विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब ने उजाड़ दिए थे 12 घर, अब 4 दोषियों को उम्रकैद की सजा

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:23 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में जहरीली शराब कांड के चार दोषियों को आजीवन कारावास और सात-सात लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है। यह फैसला हरसिद्धि थाना क्षेत्र में 12 लोगों की मौत से जुड़े मामले में विशेष न्यायाधीश उत्पाद न्यायालय ने दिया।

पूर्वी चंपारण में चर्चित जहरीली शराब कांड में अब कोर्ट का आया फैसला (फोटो-प्रतीकात्मक)।

पूर्वी चंपारण में चर्चित जहरीली शराब कांड में अब कोर्ट का आया फैसला (फोटो-प्रतीकात्मक)।

HighLights

  1. मोतिहारी जहरीली शराब कांड में चार अभियुक्तों को आजीवन कारावास।

  2. प्रत्येक दोषी पर सात-सात लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।

  3. हरसिद्धि थाना क्षेत्र में 12 लोगों की मौत का मामला था।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। विशेष न्यायाधीश उत्पाद न्यायालय वन राजकुमार चौधरी ने जहरीली शराब से हरसिद्धि थानाक्षेत्र में हुई 12 लोगों की मौत के मामले में नामजद चार अभियुक्तों को दोषी पाते हुए सभी को आजीवन कारावास एवं सात-सात लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

अर्थदंड नहीं देने पर एक वर्ष की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। सजा कोटवा थाना के दीपऊ निवासी अजय कुमार यादव, ललन यादव एवं तुरकौलिया थाना के सोहेल छपरा निवासी राजेश सहनी व जयसिंहपुर निवासी नवल किशोर यादव उर्फ गब्बर यादव को हुई है।

बता दें कि जहरीली शराब कांड के बाद जिले के अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। ताजा फैसला हरसिद्धि थाना कांड संख्या 249/2023 में आया है। प्राथमिकी में आरोप था कि 15 अप्रैल 2023 को जहरीली शराब पीने से एक दर्जन लोगों की मौत हो गई थी।

वहीं एक महिला सुशीला देवी की आंखों की रोशनी चली गई थी। जहरीली शराब से मरने वालों में सोनेलाल पटेल, छोटेलाल मांझी, राजू यादव, अजय सिंह, लक्ष्मण मांझी, वीरेंद्र मांझी, ब्रजेश यादव, लक्ष्मण यादव, हीरालाल मांझी, मनोज महतो, हीरालाल सिंह व मुन्नी पटेल शामिल थे।

30 अक्टूबर को कोर्ट में पुलिस ने समर्पित किया था आरोप-पत्र

पुलिस ने नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध 30 अक्टूबर 2023 को आरोप पत्र समर्पित किया था। विशेष लोक अभियोजक अनिल सिंह ने 49 गवाहों की गवाही कराई थी।

न्यायाधीश ने नामजद अभियुक्तों को 21 नवंबर 2026 को दोषी करार देते हुए केंद्रीय कारागार में भेज दिया था। गुरुवार को सजा की बिंदु पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश ने बिहार मद्द निषेध अधिनियम 2018 की धारा 30(ए),33,36,34 एवं धारा 304/34 भादवि में दोषी पाते हुए उक्त सजा सुनाई। कारागार में बीती अवधि का समायोजन सजा की अवधि में होगा।

अप्रैल 2023 में जहरीली शराब से हुई थी 44 लोगों की मौत

यहां बता दें कि 11 से 15 अप्रैल 2023 के बीच की अवधि जिले के लिए काफी दर्दनाक थी। स्प्रिट निर्मित जहरीली शराब पीने से अलग-अलग थानाक्षेत्रों में 44 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस के वरीय अधिकारियों ने सभी इलाकों का निरीक्षण किया था।

घटना की बाबत हरसिद्धि, तुरकौलिया, पहाड़पुर व सुगौली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हरसिद्धि में दर्ज मामले में फैसला आने के बाद अब पुलिस आगे की कार्रवाई करने में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।