विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: साली के प्यार में पति ने गला रेतकर की पत्नी की हत्या, चाकू का डर दिखा मौके से हुआ फरार

Published: Wed, 21 Oct 2026 07:23 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के पीपरा थानाक्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी पिंकी कुमारी की गला रेतकर हत्या कर दी, जिसके ...और पढ़ें

साली के प्यार में पति ने गला रेतकर की पत्नी की हत्या, चाकू का डर दिखा मौके से हुआ फरार

साली के प्यार में पति ने गला रेतकर की पत्नी की हत्या, चाकू का डर दिखा मौके से हुआ फरार

HighLights

  1. पति ने साली से प्रेम-प्रसंग में पत्नी की हत्या की।

  2. पूर्वी चंपारण के पीपरा में गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया।

  3. आरोपी पति चाकू दिखाकर मौके से फरार, पुलिस तलाश में।

संवाद सहयोगी, पीपरा। पूर्वी चंपारण जिले के पीपरा थानाक्षेत्र में सोमवार की शाम दरिंदे पति ने अपनी पत्नी का गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के पीछे आरोपित पति का उसकी साली के साथ प्रेम-प्रसंग कारण के तौर पर सामने आया है। घटना को टिकुलिया गांव के समीप लखन नदी के किनारे अंजाम दिया।

पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद खून से सना चाकू दिखाकर ग्रामीणों को डराते हुए बाइक लेकर फरार हो गया। महिला भेरखिया गांव निवासी रोहित कुमार पासवान की पत्नी पिंकी कुमारी (25) थी। पुलिस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस रोहित की खोज में छापामारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पिंकी कुमारी करीब तीन माह से अपने मायके तुरकौलिया थाना क्षेत्र के कवलपुर गांव में रह रही थी। इस बीच सोमवार को उसका पति रोहित उसे सीताकुंड मेला दिखाने के बहाने बाइक से अपने साथ लेकर घर आया था।

मेला देखकर लौटने के दौरान टिकुलिया गांव के समीप लखन नदी के किनारे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

इसके बाद आरोपित ने पिंकी के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट करने लगा। उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। वहां जेब से चाकू निकालकर उसका गला रेत दिया। मौके पर ही पिंकी की मौत हो गई।

ग्रामीणों ने छीनी चाबी, चाकू का भय दिखाकर भागा

घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ ग्रामीण बच्चों ने वारदात देखी। बच्चों द्वारा शोर मचाए जाने पर मेला देखकर लौट रहे कुछ लोग मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आरोपित की बाइक की चाबी छीन ली। खून से सना चाकू दिखाकर जानलेवा हमले का भय पैदा करने लगा।

इसी बीच वह बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में खेत में जाकर देखने पर पिंकी मृत अवस्था में मिली। लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया।

साली से कथित प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा था विवाद

पिंकी के पिता देवलाल पासवान ने बताया कि उन्होंने करीब चार वर्ष पूर्व अपनी पुत्री पिंकी की शादी रोहित कुमार पासवान से की थी। शादी के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में रोहित ने अपनी पत्नी के रिश्ते की चचेरी बहन से प्रेम-प्रसंग शुरू कर दिया। पिंकी इसका विरोध करती थी। इस मामले को लेकर करीब एक वर्ष पहले पंचायत भी हुई थी। इसी के बाद से पति-पत्नी के बीच तनाव बढ़ने लगा।

बेंगलुरु में मजदूरी करता था रोहित

बताते हैं कि रोहित बेंगलुरु में मजदूरी करता था। अक्सर अपने ससुराल में रहता था। पारिवारिक विवाद के कारण पिंकी पिछले तीन माह से मायके में रह रही थी। रविवार को मेला के लोभ में उसका ससुराल आना उसके लिए जानलेवा साबित हुआ।

पिंकी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इनमें तीन वर्षीय पुत्र प्रत्यूष और करीब एक वर्ष पहले जन्मे जुड़वां बच्चे, एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं।

एफएसएल व डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य

पीपरा थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी ने बताया कि घटनास्थल से डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम ने कई साक्ष्य जुटाए हैं। मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू का कवर बरामद किया गया है। पुलिस वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच कर रही है।

रोहित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें- सिवान में खौफनाक वारदात: जिस तालाब में मिली थी पत्नी की लाश, उसी में मिला लापता पति का शव