पूर्वी चंपारण में डकैती कांड का उद्भेदन, चार गिरफ्तार, 15.5 लाख कैश और 2 किलो चरस बरामद
पूर्वी चंपारण पुलिस ने होम्योपैथ चिकित्सक के घर हुई डकैती का खुलासा किया है। इस मामले में चार डकैतों को ...और पढ़ें

अपराधियों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
HighLights
पूर्वी चंपारण में डकैती कांड का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया गया।
पुलिस ने चार शातिर डकैतों को गिरफ्तार कर लिया है।
15.5 लाख नकद, चरस और सोने-चांदी के जेवरात बरामद।
संवाद सहयोगी, सिकरहना (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Dacoity Case: पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पूर्वी चंपारण पुलिस ने ढाका थाना क्षेत्र के मठिया मोहन गांव निवासी होम्योपैथ चिकित्सक डा. मनोज कुमार शर्मा और उनके भाई सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी अशोक कुमार शर्मा के घर हुई डकैती कांड का उद्भेदन कर लिया है।
मामले में पुलिस ने चार शातिर डकैतों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 15 लाख 50 हजार रुपये नकद, हथियार, चरस, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
एसपी ने गठित की एसआइटी
पुलिस के अनुसार, वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी जांच के बाद सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के भलही गांव निवासी मो. सफीक मंसूरी उर्फ बंठा को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान उसने सिकरहना अनुमंडल क्षेत्र में हुई कुल पांच डकैती की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपित हाल ही में जेल से बाहर आया था और अन्य साथियों के साथ मिलकर इन घटनाओं को अंजाम दिया।
चार आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में बथनाहा थाना क्षेत्र के भलही निवासी मो. सफीक मंसूरी उर्फ बंठा, बेला थाना क्षेत्र के बेतहा निवासी मो. तनवीर, बथनाहा थाना क्षेत्र के हरपुर भालहां निवासी शंभू पासवान उर्फ मोगल और परिहार थाना क्षेत्र के अमरनाथ ठाकुर शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से 15 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा चार कारतूस के साथ एक अत्याधुनिक पिस्टल और 2.107 किलोग्राम चरस भी जब्त की गई है।
जेवरात और मोबाइल भी मिले
पुलिस कार्रवाई में सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। इनमें पांच जोड़ी पायल, दो जोड़ी लाकेट, एक चेन, एक कमर की चाबी और सात अंगूठियां शामिल हैं। पुलिस ने पांच एंड्रायड मोबाइल और घटना में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के राड भी बरामद किए हैं।
पांच मामलों में संलिप्तता
डकैती कांड के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक ने सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया था।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक अशोक साह, ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय, घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और डीआइयू मोतिहारी व सीतामढ़ी की टीम शामिल रही। जिला पुलिस बल के जवानों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
आरोपितों पर दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, मो. सफीक मंसूरी उर्फ बंठा पर सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण जिले में 10 मामले दर्ज हैं। मो. तनवीर पर सीतामढ़ी, दरभंगा और मोतिहारी में 11, शंभू पासवान उर्फ मोगल पर चार तथा अमरनाथ ठाकुर पर ढाका, चिरैया और कुंडवाचैनपुर थाना में पांच लूट व डकैती के मामले दर्ज हैं।
छह बदमाशों की तलाश
सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र में हुए पांच डकैती कांडों का उद्भेदन किया गया है और गिरफ्तार बदमाशों ने घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, कुंडवाचैनपुर, चिरैया और ढाका थाना क्षेत्रों में हुई डकैती की घटनाओं में कुल 10 आरोपितों के नाम सामने आए हैं। इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष छह आरोपितों और लाइनर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
