मोतिहारी कोर्ट से जिला पार्षद हत्यारोपी फरार, सुरक्षा में तैनात सिपाही गिरफ्तार, CCTV फुटेज से पर्दाफाश
पूर्वी चंपारण में जिला परिषद सदस्य हत्याकांड के आरोपी हरिशंकर पासवान के कोर्ट से फरार होने के मामले में एक ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित सिपाही।
HighLights
जिला परिषद सदस्य हत्याकांड का आरोपी कोर्ट से फरार।
सुरक्षा में तैनात सिपाही निरंजन पासवान की मिलीभगत उजागर।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सिपाही को किया गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। बंजरिया के जिला परिषद सदस्य सुरेश यादव हत्याकांड के आरोपित हरिशंकर पासवान के न्यायालय परिसर से बुधवार को भागने के मामले में सुरक्षा में तैनात सिपाही की भूमिका सामने आई है।
उपस्थापना प्रक्रिया के दौरान हुई घटना की हकीकत क्लोज सर्किट टेलीविजन कैमरे के फुटेज से सामने आई है। बंदी के फरार होने में सिपाही मिलीभगत सामने आने के बाद सिपाही निरंजन कुमार पासवान को नगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच में सिपाही की भूमिका उजागर हुई है। न्यायालय में लगे सीसी कैमरे के फुटेज से भी घटना की पुष्टि हुई है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि हरिशंकर पासवान के फरार होने के मामले की जांच हाजत प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मवीर भारती से कराई गई थी।
जांच में यह बात सामने आई कि सिपाही निरंजन कुमार पासवान की मिलीभगत से अपराधी फरार होने में सफल हुआ। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सिपाही को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार सिपाही गया जिले के कोच थाना क्षेत्र के पलानकी साखी गांव का रहने वाला है। उसकी पदस्थापना मोतिहारी जिला बल में है। एसपी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई और जांच चल रही है।
बता दें कि बुधवार को हरिशंकर को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। इस दौरान वह फरार हो गया। वह सुगौली का रहने वाला है, उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी से बिहार शराब लाने का अनोखा तरीका, अंडे के कैरेट बने शराब तस्करी का कवच
