जाति, आय व आवासीय सत्यापन की बदली व्यवस्था, पूर्वी चंपारण में अंचल अमीन को जिम्मेदारी
Caste Certificate Bihar: पूर्वी चंपारण के आदापुर में पंचायत सचिवों के स्थानांतरण और राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जाति, ...और पढ़ें

प्रशासन ने अंचल अमीनों को आवेदनों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी है।
HighLights
प्रमाण पत्र सत्यापन की जिम्मेदारी अब अंचल अमीनों को सौंपी गई।
राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल के कारण व्यवस्था में बदलाव।
छात्रों और युवाओं को प्रमाण पत्र मिलने में मिलेगी राहत।
संवाद सहयोगी, आदापुर (पूर्वी चंपारण)। Anchal Amin Verification: पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर में पंचायत सचिवों के स्थानांतरण के बाद विरमित होने और राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण जाति, आय व आवासीय प्रमाण पत्रों के भौतिक सत्यापन की व्यवस्था बदल दी गई है।
पंचायत और अंचल स्तर पर विकास कार्य बाधित होने व छात्रों की सहूलियत को देखते हुए प्रशासन ने अंचल अमीनों को आवेदनों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी है।
छात्रों और युवाओं को राहत
राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल का सबसे बुरा असर स्कूली छात्रों और युवाओं पर पड़ रहा था। प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन, छात्रवृत्ति और शिक्षण संस्थानों में नामांकन के लिए जाति, आय, निवास और नॉन-क्रीमी लेयर प्रमाण पत्र बनवाने में काफी परेशानी हो रही थी।
स्थिति को देखते हुए बीडीओ और अंचल प्रशासन ने अब अंचल अमीनों को अपने स्तर पर आवेदनों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया है।
सामान्य दिनों में क्या रहती व्यवस्था?
सामान्य दिनों में बिहार लोक सेवाओं के अधिकार (RTPS) के तहत इन प्रमाण पत्रों का सत्यापन राजस्व कर्मचारी (हल्का कर्मचारी) करते हैं।
ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद राजस्व कर्मचारी खतियान, वंशावली और आय का सत्यापन कर रिपोर्ट लगाते हैं। इसके बाद राजस्व अधिकारी (RO) या अंचलाधिकारी (CO) अपने डिजिटल सिग्नेचर के जरिए प्रमाण पत्र जारी करते हैं।
कार्य में तेजी आने की उम्मीद
अंचल अमीन को सत्यापन की जिम्मेदारी दिए जाने से अब लंबित पड़े हजारों आवेदनों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद है।
प्रशासन के इस फैसले से छात्रों को समय पर प्रमाण पत्र मिल सकेंगे, जिससे वे नामांकन और प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म भरने से वंचित नहीं रहेंगे।
यह भी पढ़ें- पटना में फर्जी सेल डीड से भू-माफिया ने कराई जमाबंदी, राजस्वकर्मी सस्पेंड; DM ने लिया एक्शन
