डीजे की धुन के बीच कैद थीं 16 नाबालिग, पूर्वी चंपारण के तीन आर्केस्ट्रा में पुलिस की दबिश
पूर्वी चंपारण के कोटवा में पुलिस ने तीन आर्केस्ट्रा पर छापेमारी कर 16 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। ये लड़कियां असम, पश्चिम बंगाल और हरियाणा से लाई गई थीं।

कोटवा में आर्केस्ट्रा से मुक्त कराई गईं 16 नाबालिग लड़कियां। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
कोटवा में तीन आर्केस्ट्रा पर पुलिस ने की बड़ी छापेमारी।
16 नाबालिग लड़कियां मुक्त, असम, बंगाल, हरियाणा से लाई गईं।
तीनों आर्केस्ट्रा संचालकों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया।
संवाद सहयोगी, कोटवा (पूर्वी चंपारण)। चमकती रोशनी, डीजे की तेज आवाज और आर्केस्ट्रा के मंच के पीछे कुछ ऐसा चल रहा था, जिसकी भनक पुलिस को लगी तो तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई करनी पड़ी।
कोटवा ओवरब्रिज के समीप संचालित तीन आर्केस्ट्रा में छापेमारी कर पुलिस ने 16 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। ये लड़कियां तीन अलग-अलग राज्यों से लाई गई थीं। पुलिस की संयुक्त टीम ने तीनों आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आशंका है कि नाबालिगों को बंधक बनाकर उनसे काम कराया जा रहा था।
तीन आर्केस्ट्रा में एक साथ छापेमारी
शनिवार को पुलिस और विभिन्न सामाजिक संगठनों की संयुक्त टीम ने चंपारण चैंपियन, संगीत सागर और मोनी आर्केस्ट्रा में छापेमारी की। तीनों आर्केस्ट्रा कोटवा ओवरब्रिज के समीप संचालित हो रहे थे। कार्रवाई के दौरान वहां से 16 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। मौके से छह डीजे बाक्स भी बरामद किए गए।
असम से आई थीं 12 लड़कियां
मुक्त कराई गई लड़कियों में सबसे अधिक असम की रहने वाली हैं। कुल 16 लड़कियों में 12 असम, तीन पश्चिम बंगाल और एक हरियाणा की है। पुलिस ने सभी को सुरक्षित संरक्षण में लिया है। उनकी सुरक्षा और आगे की प्रक्रिया को लेकर संबंधित टीम कार्रवाई कर रही है।
तीनों आर्केस्ट्रा संचालक गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीनों आर्केस्ट्रा के संचालकों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें चंपारण चैंपियन का संचालक कोटवा निवासी वीरेंद्र कुमार, संगीत सागर का संचालक हरसिद्धि थाना क्षेत्र के धनखरैया निवासी समेंद्र दास और मोनी आर्केस्ट्रा का संचालक कोटवा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर वृत्त निवासी राहुल शर्मा शामिल है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी थी टीम
छापेमारी सदर-दो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पांडेय के नेतृत्व में की गई। टीम में एएचटीयू शाखा मोतिहारी के प्रभारी पुलिस निरीक्षक सर्वेंद्र कुमार सिन्हा, कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, महिला थाना की एसआइ माला कुमारी और कोटवा थाना की एसआइ नीति शर्मा शामिल थीं। इनके अलावा पुलिस लाइन से पांच महिला जवान, सात क्यूआरटी जवान और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य भी कार्रवाई में शामिल रहे।
बंधक बनाकर काम कराने की मिली थी सूचना
एसडीपीओ जितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आर्केस्ट्रा में नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर काम कराया जा रहा है। इसके बाद टीम गठित कर तीनों ठिकानों पर छापेमारी की गई।
वहां से 16 लड़कियों को मुक्त कराया गया। तीनों संचालकों को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।