पूर्वी चंपारण में अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, विदेशी हथियार जब्त
East Champaran Crime: पूर्वी चंपारण के ढाका में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें ...और पढ़ें

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पड़ोसी देश से जुड़े होने की आशंका। फोटो: जागरण
HighLights
ढाका में अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़।
विदेशी पिस्टल, बंदूक, कारतूस और मैगजीन बरामद हुए।
दो महिलाएं गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार, नेपाल से तार।
संवाद सहयोगी, सिकरहना (पूर्वी चंपारण)। Arms Smuggling Gang: जिले के ढाका थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में विदेशी पिस्टल, बंदूक, कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए हैं। मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का मुख्य कारोबारी फरार हो गया।
यूएसए सील लगी पिस्टल जब्त
पुलिस के अनुसार सिकरहना के एसडीपीओ उदय शंकर कुमार के नेतृत्व में बरेवा गांव में छापेमारी की गई। मो. खुर्शीद के घर से यूएसए निर्मित सील लगी दो पिस्टल, एक मैगजीन और 7.65 बोर के चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा तीन हजार नेपाली रुपये भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने पास के नेक मोहम्मद के घर में छापेमारी कर एक दो नाली बंदूक और 12 बोर का एक कारतूस भी बरामद किया।
पत्नी और बहू गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान हथियार तस्करी के सरगना खुर्शीद आलम की पत्नी जहीमा खातून और बहू संजीदा खातून को गिरफ्तार किया गया।
हालांकि मुख्य कारोबारी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
नेपाल से जुड़े हो सकते तार
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार पड़ोसी देश नेपाल और अन्य राज्यों से जुड़े होने की आशंका सामने आई है।
गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने फरार पिता-पुत्र की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।
जांच के लिए भेजे गए हथियार
बरामद हथियारों और कारतूसों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ उदय शंकर कुमार, इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष, थानाध्यक्ष राजरूप राय, एसटीएफ के अधिकारी और स्थानीय पुलिस बल शामिल रहे।
