विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में मजदूरों की कमी में कंबाइन हार्वेस्टर बना वरदान, 40 मिनट में एक एकड़ धान कटाई

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:17 PM (IST)

पूर्वी चंपारण में मजदूरों की कमी और बढ़ती लागत से परेशान किसानों के लिए कंबाइन हार्वेस्टर एक बड़ी राहत बन ...और पढ़ें

कंबाइन हार्वेस्टर बना वरदान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

कंबाइन हार्वेस्टर बना वरदान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. मजदूरों की कमी में कंबाइन हार्वेस्टर बना किसानों का सहारा।

  2. एक एकड़ धान की कटाई अब सिर्फ 30-40 मिनट में।

  3. कम लागत और समय पर गेहूं बुआई में सहायक।

संवाद सहयोगी, तेतरिया। धान की कटाई के मौसम में मजदूरों की कमी और बढ़ती लागत से परेशान किसानों के लिए कंबाइन हार्वेस्टर राहत का बड़ा साधन बन रहा है। अब गांव-गांव में आधुनिक मशीनों से धान की कटाई होने लगी है।  आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से किसानों का समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं।

कुछ वर्ष पहले तक धान की कटाई के लिए किसानों को मजदूरों की तलाश में काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। समय पर मजदूर नहीं मिलने से पकी फसल खेतों में खड़ी रह जाती थी। इससे मौसम खराब होने पर फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता था। 

वहीं, मजदूरी पर अधिक खर्च होने से खेती की लागत भी बढ़ जाती थी। अब कंबाइन हार्वेस्टर ने इन समस्याओं को काफी हद तक कम कर दिया है।

एक एकड़ की कटाई में महज 30-40 मिनट

विभूति नारायण सिंह, शम्भू कुशवाहा, सत्यपाल आर्य आदि किसानों के अनुसार, एक एकड़ धान की कटाई में पहले 10 से 12 मजदूरों को पूरे दिन मेहनत करनी पड़ती थी। इस पर करीब चार- से छः हजार रुपये खर्च होते थे। 

वहीं, कंबाइन हार्वेस्टर से यही काम महज 30 से 40 मिनट में करीब 2500 से 3000 रुपये में हो जाता है। मशीन से कटाई के साथ मड़ाई और अनाज की सफाई भी हो जाती है। इससे किसानों को कम समय में अनाज तैयार मिल जाता है।

गेहूं की अगेती बुआई में भी मिलेगी मदद

किसान पप्पू सिंह, किशोरी ठाकुर, अशोक राय ने बताया कि कंबाइन हार्वेस्टर से धान की कटाई होने पर खेत जल्दी खाली हो जाते हैं। इससे किसान रबी सीजन में गेहूं की समय पर बुआई कर सकते हैं। खासकर अगेती बुआई करने वाले किसानों के लिए यह मशीन काफी उपयोगी साबित हो रही है। कटनी के मौसम में मजदूरों के दूसरे राज्यों में चले जाने से होने वाली परेशानी भी कम हुई है। मशीन संचालकों से संपर्क कर किसान अपनी सुविधा के अनुसार कटाई करा रहे हैं।

हालांकि, कंबाइन से कटाई में धान का भूसा खेत में बिखर जाता है, जिससे भूसे की जरूरत वाले पशुपालक किसानों को परेशानी हो सकती है। इसके बावजूद समय की बचत, कम लागत और मजदूरों पर घटती निर्भरता के कारण कंबाइन हार्वेस्टर किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। आधुनिक कृषि यंत्रों का बढ़ता इस्तेमाल खेती को सुविधाजनक बनाने के साथ किसानों को कम समय में फसल तैयार करने में मदद कर रहा है।