Chath Puja 2026: पूर्वी चंपारण में बांस के सूप ₹100 और दौरा ₹500 तक पहुंचे, मांग बढ़ने से और बढ़ सकते हैं दाम
पताही बाजार में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन बांस के सूप और दौरा की बढ़ती कीमतों ने ...और पढ़ें

बांस के सूप ₹100 और दौरा ₹500 तक पहुंचे
HighLights
पताही बाजार में छठ पूजा की रौनक बढ़ी।
बांस के सूप और दौरा की कीमतें आसमान छू रही हैं।
बढ़ती महंगाई से श्रद्धालुओं का बजट प्रभावित हो रहा है।
संवाद सहयोगी, पताही। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पताही बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। पर्व की तैयारियों में जुटे श्रद्धालु पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने लगे हैं। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप और दौरा की मांग बढ़ रही है। हालांकि, महंगाई ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है।
पूजन सामग्री की बढ़ती कीमतों के बीच लोग अपने घरेलू बजट को ध्यान में रखकर खरीदारी कर रहे हैं। पताही बाजार में छठ पूजा के लिए सूप और दौरा की बिक्री शुरू हो गई है।
एक सूप की कीमत 90 से 100 रुपये तक
फिलहाल एक सूप की कीमत 90 से 100 रुपये तक है। वहीं, आकार और गुणवत्ता के अनुसार एक दौरा 200 से 500 रुपये तक में बिक रहा है। पर्व में अभी कुछ समय शेष रहने के बावजूद इन वस्तुओं की कीमतें खरीदारों को परेशान कर रही हैं।
फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के साथ सूप-दौरा का खर्च भी लोगों के बजट पर असर डाल रहा है। दुकानदारों का कहना है कि फिलहाल बाजार में खरीदारी धीरे-धीरे बढ़ रही है।
छठ पर्व नजदीक आने के साथ खरीदारों की भीड़ बढ़ने और मांग में तेजी आने की संभावना है। मांग बढ़ने पर कीमतों में और इजाफा होने की आशंका को देखते हुए कई श्रद्धालु अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय पहले ही जरूरी सामान खरीदने में जुट गए हैं।
सूप-दौरा के बिना अधूरी है छठ की तैयारी
छठ महापर्व में बांस से बने सूप और दौरा का विशेष धार्मिक एवं पारंपरिक महत्व है। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद इन्हीं पारंपरिक बर्तनों में सजाकर घाट तक ले जाए जाते हैं। इसलिए व्रतियों और उनके परिवारों के लिए इनकी खरीदारी जरूरी होती है। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद लोग अपनी जरूरत के अनुसार सूप और दौरा खरीद रहे हैं।
छठ की तैयारी में पूजन सामग्री के अलावा घर के दूसरे खर्चों का भी ध्यान रखना पड़ता है। ऐसे में सीमित आमदनी वाले परिवारों के लिए पर्व की पूरी व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। फिलहाल पताही बाजार में छठ की खरीदारी धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है। बाजार में बढ़ती रौनक के बीच सूप-दौरा की कीमतें श्रद्धालुओं के बजट की परीक्षा ले रही हैं।
