अब पूर्व सैनिक होंगे ट्रेनों में कोच अटेंडेंट
मोतिहारी। अब रेल की यात्रा पहले से ज्यादा सुरक्षित होने जा रही है। ट्रेन के कोच में यात्री सुरक्षित
मोतिहारी। अब रेल की यात्रा पहले से ज्यादा सुरक्षित होने जा रही है। ट्रेन के कोच में यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकें, इसके लिए रेलवे ने नई पहल की है। कोच अटेंडेंट के रूप में पूर्व सैनिकों की तैनाती की जाएगी। ऐसा इस कारण से किया गया है कि आम लोग सुरक्षित यात्रा कर सकें। लोगों में सेना के प्रति विश्वास रहता है। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों के विश्वास को और पक्का करने का मन बनाया। इस सिलसिले में रेल मंत्रालय ने आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। इसी के साथ महत्वपूर्ण ट्रेनों में कोच एटेंडेंड के रूप में अवकाश प्राप्त सैनिकों की तैनाती का रास्ता साफ हो गया है। जहां एक ओर इससे एक तरफ कोच की सुरक्षा बढ़ेगी और यात्री अपने को महफूज महसूस करेंगे। वहीं पूर्व सैनिकों को काम मिल जाएगा। अवकाश प्राप्त सैनिकों की तैनाती को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल ने अधिसूचना जारी कर इसकी सूची सहायक मंडल अभियंता को भेज दी है। इसके बाद मंडल प्रशासन ने कवायद प्रारंभ कर दी है। जल्द ही इस संबंध में रिक्तियां निकाली जाएंगी।
बता दें कि इसके पूर्व में भी रेल मंत्रालय ने इस प्रयोग के तहत मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड के रेल फाटकों पर अवकाश प्राप्त सैनिकों की तैनाती की है। नए प्रयोग के बाद रेलखंड के फाटकों पर सुरक्षा बढ़ी है और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगा है।
सहायक मंडल अभियंता बापूधाम अर्जुन सिंह ने कहा कि इस सिलसिले में समस्तीपुर मंडल प्रशासन ने पत्र भेजकर निर्देश दिया है। निर्देश के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। समय रहते प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।