छठ पर घर लौटने की ऐसी जिद, ट्रेन टिकट नहीं मिला तो मुंबई से टेंपो लेकर चल पड़े बिहार
छठ पूजा के लिए मुंबई से बिहार के संग्रामपुर तक तीन दोस्तों ने 2200 किलोमीटर की यात्रा टेंपो से तय ...और पढ़ें

छठ महापर्व में शामिल होने के लिए टेंपो से मुंबई से पूर्वी चंपारण पहुंचे धर्मेन्द्र।
HighLights
मुंबई से बिहार तक 2200 किमी की टेंपो यात्रा।
छठ पूजा के लिए दोस्तों का अनोखा और भावनात्मक सफर।
ट्रेन टिकट न मिलने पर लिया गया यह साहसिक निर्णय।
संवाद सहयोगी, संग्रामपुर (पूर्वी चंपारण)। छठ की आस्था हो तो रास्ते की मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं। मां की याद, गांव की मिट्टी का लगाव और छठ घाट की पुरानी यादें तीन दोस्तों को ऐसा घर खींच लाईं कि ट्रेन का टिकट नहीं मिला तो उन्होंने टेंपो से ही मुंबई से बिहार का सफर शुरू कर दिया।
मुंबई के बोरीवली से करीब 2200 किलोमीटर की दूरी तय करने में चार दिन लगे। आखिरकार सात नवंबर की रात तीनों दोस्त अपने गांव पहुंच गए। उत्तरी बरियरिया पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी धर्मेंद्र कुमार मेहता और उनके मित्रों का यह अनोखा सफर अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
महंगा टिकट देख टेंपो से चलने का बनाया प्लान
धर्मेंद्र को छठ पर घर आने की इच्छा थी। उन्होंने ट्रेन से सफर करने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन टिकट नहीं मिल सका। जो टिकट उपलब्ध हो रहा था, उसके लिए 2500 से 3000 रुपये तक मांगे जा रहे थे।
सामान्य दिनों में यही किराया करीब 500 रुपये होता है। ऐसे में उन्होंने अपने साथ काम करने वाले दो मित्रों रामप्रवेश और बंजरिया बाबू टोला निवासी नवीन कुमार टंडन के साथ टेंपो से घर लौटने की योजना बनाई।
चार दिन में तय किए 2200 किलोमीटर
तीनों दोस्त चार नवंबर की सुबह पांच बजे सामान लेकर टेंपो से गांव के लिए निकल पड़े। पहले दिन करीब 400 किलोमीटर की दूरी तय की। रात में रास्ते में एक जांच चौकी के पास विश्राम किया। इसके बाद अलग-अलग पड़ाव लेते हुए सफर जारी रखा।
चार दिनों की यात्रा के बाद सात नवंबर की रात तीनों अपने-अपने घर पहुंच गए। इस पूरे सफर में करीब तीन हजार रुपये का सीएनजी और एक हजार रुपये का पेट्रोल खर्च हुआ।
मां की याद और छठ घाट का खींचता रहा आकर्षण
धर्मेंद्र बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें छठ पर्व से गहरा लगाव रहा है। मां और मोहल्ले के लोगों के साथ छठ घाट जाना, पूजा की तैयारियों में हाथ बंटाना और घाट पर होने वाले धार्मिक आयोजन उनकी बचपन की यादों में शामिल हैं।
रोजगार के लिए मुंबई जाना पड़ा, लेकिन छठ और गांव से जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ। इस बार उनकी मां व्रत नहीं कर रही थीं। उनकी चाची छठ व्रत कर रही हैं। इसके बावजूद पर्व नजदीक आते ही घर लौटने की इच्छा तेज हो गई।
गांव की मिट्टी से जुड़ाव ने आसान किया कठिन सफर
धर्मेंद्र के लिए छठ केवल पूजा और व्रत का पर्व नहीं है। यह मां के साथ बिताए बचपन के पलों, गांव की गलियों और छठ घाट से जुड़ी यादों को फिर से जीने का अवसर है।
यही भावनात्मक लगाव उन्हें लंबी दूरी तय करने का हौसला देता रहा। तीनों दोस्तों की इस यात्रा ने दिखाया कि रोजी-रोटी के लिए लोग भले ही अपने गांव से दूर चले जाएं, लेकिन अपनी परंपराओं और मिट्टी से उनका रिश्ता कायम रहता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।