विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में हाई वोल्टेज ड्रामा, भैसुर के लिए टावर पर चढ़ी महिला, समझाने में जुटी रही पुलिस

By Somnath Pandey Edited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 22 Apr 2026 08:32 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी में एक महिला अपने भैसुर की गिरफ्तारी के विरोध में मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी में मोबाइल टॉवर पर चढ़ी महिला। जागरण

 पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी में मोबाइल टॉवर पर चढ़ी महिला। जागरण  

HighLights

  1. महिला भैसुर की गिरफ्तारी के विरोध में मोबाइल टावर पर चढ़ी।

  2. दो घंटे के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद महिला नीचे उतरी।

  3. बेहोश होने पर उसे तुरंत मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया।

संवाद सहयोगी, पीपराकोठी (पूर्वी चंपारण) । चिलचिलाती धूप में बुधवार को पूर्वी चंपारण जिले के पीपराकोठी थानाक्षेत्र के चांद सरैया गांव में एक महिला पति के बड़े भाई (भैसुर) की गिरफ्तारी के विरोध में गांव के ही एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

घटना की सूचना जंगल के आग की तरह पूरे इलाके में फैली। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार चांद सरैया निवासी एसटी पासवान की पत्नी ने अपने भैसुर रंजीत पासवान की शराब कांड में गिरफ्तारी के विरोध में यह कदम उठाया।

हालांकि, ग्रामीण इसके पीछे पारिवारिक विवाद को कारण बता रहे। बताया जाता है कि सुबह किसी बात को लेकर महिला का विवाद परिवार के लोगों के साथ हुआ था। इसके बाद वह थाने पहुंची और विवाद के बाद शिकायत की।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की। इसी बीच महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इसके बाद प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पांडेय, थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहिनी कश्यप समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। महिला के स्वजन भी वहां मौजूद रहे। उसे समझाने का प्रयास करते रहे।

पुलिस ने धैर्यपूर्वक संवाद कायम रखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद काफी समझाने-बुझाने पर महिला नीचे उतरने को तैयार हुई।

नीचे उतरते ही भीषण गर्मी, तनाव और थकान के कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, महिला द्वारा इस प्रकार का खतरनाक कदम उठाने के मामले में भी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
-