विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में हाजत में क्या हुआ था सुदीश के साथ? मौत के बाद एसपी ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट

By Sanjay UpadhyayEdited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 05 Oct 2026 11:34 AM (IST)

मोतिहारी के कोटवा थाना हाजत में कथित पिटाई के बाद सुदीश राम की मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. कोटवा हाजत में सुदीश राम की कथित पिटाई से मौत।

  2. पुलिस अधीक्षक ने एसडीपीओ को जांच के आदेश दिए।

  3. 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश।

जागरण संवाददाता, मोतिहारी। कोटवा थाना हाजत में कथित पिटाई के बाद 40 वर्षीय सुदीश राम की मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है।

पुलिस अधीक्षक ने मोतिहारी सदर-टू के एसडीपीओ को पूरे मामले की जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। सुदीश को 30 सितंबर को जेल भेजे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घर से उठा ले गई थी पुलिस, हाजत में पिटाई का आरोप

मृतक कोटवा थाना क्षेत्र के बड़हरवा कला पूर्वी वार्ड संख्या-पांच निवासी स्वर्गीय मिट्ठू राम का पुत्र था। स्वजन का आरोप है कि 29 सितंबर को शराब पीने के आरोप में पुलिस उसे घर से पकड़कर थाने ले गई थी।

परिजनों के अनुसार, हाजत में उसके साथ मारपीट की गई। अगले दिन उसकी हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल भेजे जाने का आरोप लगाया गया है।

जेल भेजने के बाद बिगड़ी हालत, आईसीयू में मौत

पुलिस के अनुसार सुदीश को 30 सितंबर को जेल भेजा गया था। इसके बाद उसकी तबीयत खराब होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में रखा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद स्वजन ने पुलिस पर हाजत में पिटाई का गंभीर आरोप लगाया है।

पुराना रहा है अवैध शराब से नाता

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुदीश का अवैध शराब से पुराना नाता रहा है। हालांकि, हाजत में उसके साथ मारपीट किए जाने के स्वजन के आरोप की जांच कराई जा रही है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ मामले के सभी पहलुओं की जांच करेंगे।

 

एसपी ने एसडीपीओ को 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। अब जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि सुदीश की मौत की परिस्थितियां क्या थीं और हाजत में पिटाई के स्वजन के आरोप में कितनी सच्चाई है। इधर, स्वजन दोषियों पर कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण : घर से थाने तक और फिर आईसीयू, कोटवा थाने की हाजत में पिटाई के बाद 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत का आरोप