पूर्वी चंपारण : सत्तरघाट पुल पर सफर खतरनाक, सड़क की दरारों से बाहर निकले सरिये हादसे को दे रहे न्योता
पूर्वी चंपारण में गंडक नदी पर बना सत्तरघाट पुल महज छह साल में जर्जर हो गया है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोग इसकी तत्काल जांच और मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

पूर्वी चंपारण के सत्तरघाट पुल की जर्जर स्थिति। जागरण
HighLights
सत्तरघाट पुल छह साल में जर्जर, सरिया बाहर।
पूर्वी चंपारण में गंडक नदी पर बना है पुल।
स्थानीय लोगों ने तत्काल मरम्मत की मांग की।
संवाद सहयोगी, केसरिया (पूर्वी चंपारण)। पूर्वी चंपारण से सारण एवं गोपालगंज जिले को जोड़ने वाले गंडक नदी पर बने सत्तरघाट पुल के उपरी सतह की स्थिति जर्जर हो गई है।
पुल की सड़क पर कई जगह दरारें उभर आई हैं और जगह-जगह सरिया बाहर निकल आए हैं। ऐसे में इस पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
बावजूद इसके, अब तक इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल होती नहीं दिख रही है। बताया जाता है कि गोपालगंज और पूर्वी चंपारण के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को देखते हुए सरकार ने 263.47 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया था।
तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 16 जून 2020 को इसका उद्घाटन किया था। लेकिन महज छह वर्षों में ही पुल की बदहाल स्थिति निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े कर रही है।
उक्त पुल पर प्रतिदिन सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियों का परिचालन होता है। पुल की सतह पर निकले सरिये और क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
कुल 1440 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया गया था। यह पुल गंडक नदी पर गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड और पूर्वी चंपारण के केसरिया प्रखंड के मध्य अवस्थित है।
इसके माध्यम से सिवान, छपरा और गोपालगंज होते हुए उत्तर बिहार के कई जिलों तक आवागमन सुगम हुआ है। पुल के निर्माण में सात वर्ष आठ महीने का समय लगा था।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुल काफी दिनों से जर्जर स्थिति में है, लेकिन इसकी सुध लेने अब तक कोई प्रशासनिक पदाधिकारी नहीं पहुंचे हैं। लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से पुल की तत्काल जांच कराकर मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले आवश्यक कदम उठाया जा सके।
-