विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में छठ पर घर लौटने वालों को तोहफा, स्टेशन से मुफ्त बस और सुरक्षा का इंतजाम

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:52 PM (IST)

Bihar Chhath festival transport : मोतिहारी पुलिस ने छठ पर्व पर घर लौट रहे श्रमिकों के लिए बापूधाम मोतिहारी स्टेशन ...और पढ़ें

बापूधाम मोतिहारी स्टेशन से सफर करते लोग।

बापूधाम मोतिहारी स्टेशन से सफर करते लोग।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। परदेस में मेहनत-मजदूरी कर त्योहार पर घर लौटने वाले श्रमिकों के लिए सफर की राह आसान हो गई है। छठ पर्व पर अपनों के बीच पहुंचने की खुशी के साथ अब उन्हें घर जाने के लिए किराये की चिंता भी नहीं सताएगी।

बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर उतरने वाले श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए मोतिहारी पुलिस ने निःशुल्क बस सेवा शुरू की है। इस पहल से श्रमिकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ रात में सुरक्षित यात्रा करने में भी मदद मिल रही है।

छठ तक जारी रहेगी मुफ्त सेवा

दशहरा पर्व से शुरू किया गया यह अभियान छठ तक जारी रहेगा। दूसरे राज्यों में काम करने वाले श्रमिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर पुलिस ने यह व्यवस्था की है।

त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन से घर तक पहुंचने के लिए वाहन की व्यवस्था करना कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है। मुफ्त बस सेवा से उनकी इस मुश्किल को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

तीन बसों का कराया जा रहा परिचालन

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने फिलहाल शहर में तीन बसों का परिचालन शुरू कराया है। इनमें दो बसें मोतिहारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक और दो से रात में चलाई जा रही हैं। स्टेशन पर उतरने वाले श्रमिक इन बसों के माध्यम से अपने घर जाने की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त किराया खर्च करने से राहत मिल रही है।

सुरक्षा के लिए तैनात हैं पुलिस जवान

बसों में पुलिस जवानों की भी तैनाती की गई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि दूसरे राज्यों से मजदूरी कर लौटने वाले श्रमिक अक्सर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं।

रात के समय स्टेशन से घर जाने के दौरान उनके साथ आपराधिक घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह पहल की है। मुफ्त बस सेवा के माध्यम से श्रमिकों की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बिहार के किसानों को दोहरी सौगात, आम-लीची का बीमा और बटाईदारों को योजनाओं का लाभ

यह भी पढ़ें- West Champaran : मिठाई, खोवा और पनीर खरीदते समय रहें सावधान, मिलावटी खाद्य पदार्थ बिगाड़ सकते हैं सेहत