East Champaran: दहेज की आग में जली इंसानियत, महिला को जबरन तेजाब जैसा पदार्थ पिलाने का आरोप
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में दहेज विवाद को लेकर एक महिला को जबरन तेजाब पिलाने और मारपीट करने का आरोप लगा है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती महिला ने पति समेत पांच ससुराल वालों पर आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बंजरिया थानाक्षेत्र के चैलाहा रेलवे गुमटी के पास दहेज के लिए एक महिला के साथ मारपीट कर तेजाब पिलाए जाने की घटना। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
मोतिहारी में महिला को जबरन तेजाब पिलाने का आरोप।
दहेज विवाद में ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप।
गंभीर हालत में महिला अस्पताल में, पुलिस जांच जारी।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। बिहार में जिस घर को महिला ने अपना संसार समझा, उसी घर में उसके साथ ऐसी हैवानियत किए जाने का आरोप लगा है, जिसे सुनकर कोई भी सिहर उठेगा।
बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहा रेलवे गुमटी के पास दहेज के विवाद में 37 वर्षीय महिला को कथित तौर पर जबरन तेजाब पिलाने के बाद मारपीट की गई।
गंभीर हालत में महिला सदर अस्पताल में इलाजरत है। उसने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
विवाद के बाद तेजाब पिलाने का आरोप
सदर अस्पताल में इलाज करा रही चैलाहा रेलवे गुमटी वार्ड संख्या-एक निवासी नूरजहां खातून के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब आठ बजे ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपितों ने उसे तेजाब पिला दिया। इसके बाद लात-मुक्कों से मारपीट भी की गई। इससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं।
जमीन को लेकर भी प्रताड़ना का आरोप
महिला ने अपने बयान में पति जुबेर दीवान, सास, ससुर ताहिर दीवान, रूकसाना खातून और सुहाना खातून सहित पांच लोगों पर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि रघुनाथपुर स्थित जमीन को लेकर ससुराल पक्ष के लोग उसे बराबर प्रताड़ित करते थे। इसी विवाद में उसके साथ मारपीट कर तेजाब पिलाने की घटना हुई।
अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने लिया बयान
घटना के बाद महिला का इलाज सदर अस्पताल के महिला वार्ड में चल रहा है। नगर थाना के दारोगा सतीश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद बयान की प्रति बंजरिया थाना भेजी गई।
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
बंजरिया थाना पुलिस ने शनिवार को नगर थाना से प्राप्त बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस महिला के लगाए आरोपों की पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।