Bihar News : बिना सिर खोले नाक के रास्ते निकाला ब्रेन ट्यूमर, मोतिहारी के डाक्टर ने बचाई आंखों की रोशनी
Brain tumor surgery : प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डा. प्रकाश खेतान ने प्रयागराज में नाक के रास्ते एंडोस्कोपिक विधि से ब्रेन ...और पढ़ें

डा. प्रकाश खेतान। सौ. चिकित्सकं
HighLights
डा. प्रकाश खेतान ने एंडोस्कोपिक विधि से ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया।
मस्तिष्क खोले बिना नाक के रास्ते ट्यूमर निकाला गया।
ऑपरेशन के बाद मरीज की खोई हुई आंखों की रोशनी लौटी।
संजय परिहार, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Endoscopic Brain Surgery : शहर के स्टेशन रोड निवासी प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डा. प्रकाश खेतान ने चिकित्सा जगत में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
प्रयागराज स्थित अपने निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उन्होंने नाक के रास्ते एंडोस्कोपिक विधि से ब्रेन ट्यूमर निकालने में सफलता हासिल की है।
खास बात यह है कि इस जटिल आपरेशन में मरीज का मस्तिष्क खोले बिना नाक के रास्ते दूरबीन डालकर ट्यूमर निकाला गया। आपरेशन के बाद मरीज की जा चुकी आंखों की रोशनी पूरी तरह लौट आई।
डा. खेतान ने बताया कि उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम के साथ एंडोस्कोपिक ट्रांसनेजल ट्रांसफेनाइडल सेलर सुप्रासेलर पिट्यूटरी मैक्रोएडेनोमा का सफल आपरेशन किया।
पिट्यूटरी ग्रंथि में मौजूद ट्यूमर काफी बड़ा हो चुका था। इसके दबाव के कारण मरीज की दृष्टि लगातार प्रभावित हो रही थी। ऐसे मामलों में सर्जरी बेहद जटिल मानी जाती है।
बिना सिर खोले नाक के रास्ते पहुंचा ट्यूमर तक
इस तकनीक में सिर की हड्डी खोलने के बजाय नाक के रास्ते एंडोस्कोप के माध्यम से ट्यूमर तक पहुंच बनाई जाती है। इससे मस्तिष्क को खोलने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
डा. खेतान की टीम ने इसी विधि से ट्यूमर को बाहर निकाला। आपरेशन के बाद मरीज की दृष्टि लौटना इस सर्जरी की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
नैसीपुर, प्रयागराज निवासी मरीज विजया कुमारी के पति विजय बहादुर ने आपरेशन के बाद डा. खेतान के प्रति आभार जताते हुए कहा, “डा. खेतान हमारे लिए भगवान हैं।
उन्होंने मेरे परिवार को बचा लिया।” बताया गया कि कारपोरेट अस्पतालों में इस तरह की जटिल सर्जरी पर करीब 15 से 20 लाख रुपये तक खर्च आता है।
डा. खेतान ने यह आपरेशन अत्यंत कम खर्च में सफलतापूर्वक किया। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फोन कर बधाई दी। कई वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
कई बड़े रिकार्ड पहले से हैं इनके नाम
डा. प्रकाश खेतान का नाम सबसे बड़े ब्रेन ट्यूमर को निकालने समेत कई जटिल आपरेशनों के लिए पहले से ही गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज है। लिम्का बुक सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रिकार्ड भी उनके नाम हैं।
डा. खेतान मूल रूप से मोतिहारी के स्टेशन रोड के निवासी हैं। उनके पिता स्व. पशुपतिनाथ खेतान और माता स्व. सावित्री खेतान शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी रहे हैं।
प्रयागराज में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन करने के बावजूद डा. खेतान हर महीने चार दिन मोतिहारी आते हैं और अपने माता-पिता की स्मृति में मरीजों की सेवा करते हैं।
यह भी पढ़ें- भारतीय पायलट स्मित मच्छर के लिए मोतिहारी में अनुष्ठान, जान पर खेलकर बचाई थी 174 यात्रियों की जान
