विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Crime : सेना के रिटायर्ड सूबेदार का बेटा पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, गांव में हड़कंप

By Sanjay UpadhyayEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 06 Oct 2026 04:45 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र का अभिषेक कुमार सिंह, जो एक सेवानिवृत्त सूबेदार का बेटा है, को असम में ...और पढ़ें

HighLights

  1. अभिषेक कुमार सिंह पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार।

  2. वह पूर्वी चंपारण के सेवानिवृत्त सूबेदार का पुत्र है।

  3. असम में गिरफ्तार, गोपनीय सुरक्षा जानकारी साझा करने का आरोप।

संवाद सहयोगी, मधुबन (पूर्वी चंपारण)। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में असम में गिरफ्तार अभिषेक कुमार सिंह राजेपुर थाना क्षेत्र के सेमराहां गांव का रहने वाला है। अभिषेक भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त सुरेंद्र सिंह का पुत्र है। असम के सतगांव थाना क्षेत्र के गांधीनगर से उसकी गिरफ्तारी हुई है।

मामले में बेगूसराय निवासी रितेश सिंह को भी असम पुलिस की एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर किराए के मकान में रहकर पाकिस्तान के खुफिया आपरेटिव को सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप है। मामले में एनआईए द्वारा भी पूछताछ की जा रही है।

पिता रहे सूबेदार, बड़े भाई भी दे चुके हैं सेना में सेवा

अभिषेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। उसके पिता सुरेंद्र सिंह भारतीय सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वहीं उसका बड़ा भाई विवेक सिंह भी भारतीय सेना में सेवा दे चुका है।जो फिलहाल विवेक के बारे में बताया जाता है कि वह नौकरी छोड़ चुका है।छोटा भाई आदित्य सिंह है। पिता सेवानिवृत्ति के बाद मुजफ्फरपुर के अहियापुर में रहते हैं।

लंबे समय से गांव से नहीं था संपर्क

ग्रामीणों के अनुसार अभिषेक बचपन में कभी-कभार गांव आता था, लेकिन लंबे समय से उसका गांव के लोगों से संपर्क नहीं था। करीब दो वर्ष पहले जमीन को लेकर हुए विवाद के बाद उसका गांव आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया था। बताया जाता है कि अभिषेक के पिता की पोस्टिंग मेरठ में भी रही थी। इसी दौरान अभिषेक की कुछ लोगों से मुलाकात होने की बात ग्रामीणों के बीच चर्चा में है। हालांकि उसके संपर्कों और गतिविधियों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

परिवार से भी गांव का संपर्क लगभग खत्म

अभिषेक के चचेरे भाई टुनटुन सिंह ने बताया कि उसके चाचा सुरेंद्र सिंह और उनके परिवार का गांव से लगभग कोई संपर्क नहीं है। परिवार ने अपनी जमीन भी हुंडा-बटाई पर दे रखी है। उन्होंने बताया कि अभिषेक की शादी नहीं हुई है। उसकी मां का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार अभिषेक लंबे समय से गांव नहीं आया था।

बचपन में आंख हुई थी क्षतिग्रस्त

ग्रामीणों ने बताया कि बचपन में कोल्डड्रिंक की कांच की बोतल टूटने से अभिषेक की एक आंख क्षतिग्रस्त हो गई थी। आंख का चार बार ऑपरेशन भी हो चुका है।पुलिस के पहुंचने के बाद मिली घटना की जानकारीअभिषेक के चचेरे भाई टुनटुन सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह राजेपुर थानाध्यक्ष कुमार सौरभ उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने अभिषेक की तस्वीर दिखाकर उसके संबंध में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस और मीडिया के माध्यम से उन्हें असम में गिरफ्तारी की जानकारी मिली।

घटना से ग्रामीणों में चर्चा, जांच पूरी होने का इंतजार

अभिषेक की गिरफ्तारी की जानकारी गांव में पहुंचने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीण अभिषेक के सन्दर्भ में कुछ भी स्पष्ट रूप से कहने से बच रहे हैं।

यह भी पढ़ें- चंपारण में शराब तस्कर को केक खिला रहे थे थानेदार और दारोगा, वायरल वीडियो के बाद SP ने लिया एक्शन