पूर्वी चंपारण की रामलीला अब बड़े पर्दे पर आएगी नजर, फिल्म बनाने का मिला प्रस्ताव
पूर्वी चंपारण के केसरिया में रामलीला कलाकारों को फिल्म अभिनेता डॉ. राजेश अस्थाना ने बड़े पर्दे पर अपनी प्रतिभा दिखाने ...और पढ़ें

समारोह में कलाकार को सम्मानित करते डा. राजेश अस्थाना। जागरण
संवाद सहयोगी, केसरिया (पूर्वी चंपारण)। दशहरा में रामलीला का मंचन कर अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले स्थानीय कलाकारों के लिए अच्छी खबर है। अब उनकी कला और अभिनय बड़े पर्दे पर भी नजर आ सकता है।
फिल्म अभिनेता एवं निर्देशक डा. राजेश अस्थाना ने रामलीला की प्रस्तुति पर आधारित फिल्म बनाने का प्रस्ताव दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि कलाकार इच्छुक हों तो उनकी प्रतिभा को फिल्म के माध्यम से बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। इससे स्थानीय कलाकारों को नई पहचान मिलने के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा को भी व्यापक मंच मिलेगा।
150 कलाकारों को किया सम्मानित
केसरिया स्थित सम्राट अशोक भवन परिसर में आदर्श जन सेवा के तत्वावधान में कलाकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कला विधाओं से जुड़े करीब 150 कलाकारों को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से दशहरा के दौरान रामलीला का मंचन करने वाले कलाकारों को सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
प्रतिभा को मंच देने की जरूरत
समारोह के मुख्य अतिथि फिल्म अभिनेता एवं निर्देशक डा. राजेश अस्थाना ने कहा कि कला और संस्कृति समाज की पहचान होती है। स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा और मेहनत से क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। यहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है।
कलाकारों की एकजुटता पर जोर
आयोजन समिति के अध्यक्ष उद्धव गोस्वामी ने कहा कि कलाकार समाज आज एक मंच और एक बैनर के नीचे जुड़ चुका है। यह एकता आगे भी बनी रहेगी। कलाकारों की समस्याओं का समाधान करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए समिति लगातार प्रयास करेगी।
प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान विभिन्न कलाकारों ने अपनी कला और अभिनय की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन कलाकारों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा देते हैं। मौके पर मुखिया ज्योति कुमारी, मुखिया अशोक कुमार, राजद नेता अवधेश यादव, रामकुमार गिरि, विश्वनाथ सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सम्मानित कलाकारों ने आयोजन समिति के प्रति आभार जताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।