यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: टिकट को लेकर मुकेश सहनी का बड़ा बयान, इस सीट पर ठोकी VIP की दावेदारी
केसरिया में मुकेश सहनी ने कहा कि बच्चों को पढ़ाने के लिए एक रोटी कम खानी पड़े तो भी मंजूर ...और पढ़ें

HighLights
- सहनी- शिक्षा के लिए एक रोटी कम खाएंगे
- गठबंधन सरकार में शिक्षा-स्वास्थ्य सुदृढ़ होगा
- केसरिया सीट पर वीआईपी की मजबूत दावेदारी
संवाद सहयोगी, केसरिया (पूर्वी चंपारण)। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख व पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि हमें एक रोटी कम खाकर भी अपने बच्चों को पढ़ाना है। उन्होंने यह बात केसरिया के सुंदरापुर में महेश्वर सिंह फाउंडेशन द्वारा आयोजित मेडिकल कैंप के उद्घाटन के बाद जनसभा में कही।
सहनी ने कहा कि आईएनडीआईए द्वारा आपके पसंदीदा नेता को टिकट दिया जाएगा और इस पर गठबंधन के शीर्ष नेताओं के बीच चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्था के निम्न स्तर पर चिंता व्यक्त की और कहा कि व्यवस्था परिवर्तन की आवश्यकता है। आईएनडीआईए की सरकार बनने पर पंचायत स्तर पर शिक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक समिति बनाई जाएगी, ताकि सामाजिक न्याय को मजबूती मिल सके।
सहनी ने यह भी कहा कि बिहार के अधिकांश विभागों में नालंदा के लोग कार्यरत हैं और वर्तमान सरकार केवल एक जिले को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नौकरी में भेदभाव नहीं होना चाहिए; यदि किसी के पास मेरिट है, तो उसे नौकरी मिलनी चाहिए। गठबंधन की सरकार बनने पर राज्य के हर जिले और हर जाति, धर्म तथा तबके के लोगों का समान विकास किया जाएगा।
सरकारी व्यवस्था को बेहतर बनाने का आश्वासन देते हुए सहनी ने केसरिया विधानसभा सीट पर वीआईपी पार्टी की मजबूत दावेदारी की बात की। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र की जनता की सेवा में लगा है, उसे चुनाव में प्राथमिकता दी जाएगी।
विधान पार्षद महेश्वर सिंह ने कहा कि हर बार व्यवस्था परिवर्तन हुआ है और आज भी ऐसा समय आ गया है। मुकेश सहनी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नया बिहार बनाने की आवश्यकता है। सभा के दौरान वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव वरुण विजय ने पार्टी सुप्रीमो का अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर स्वागत किया। महेश्वर सिंह फाउंडेशन द्वारा आयोजित मेडिकल कैंप में हजारों मरीज पहुंचे।
इस कैंप का उद्घाटन वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने किया। इस कैंप के माध्यम से लगभग 4 हजार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिला के प्रसिद्ध चिकित्सक तरुण विजय के नेतृत्व में चलाए गए इस कैंप में लोगों ने एक्स-रे, बीपी, शुगर सहित कई गंभीर बीमारियों का इलाज कराया और मुफ्त दवाइयां प्राप्त कीं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सुजीत कुमार सिंह, नितेश चंद्रवंशी, सुलतान अहमद, परवेज आलम, रंजन सिंह सहित महेश्वर सिंह फाउंडेशन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: एनडीए में सीट शेयरिंग पर मंथन शुरू, 2020 के गणित में बदलाव संभव
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: चिराग ने NDA को लेकर साफ कर दी अपनी मंशा, PM मोदी का नाम लेकर कही बड़ी बात
