स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या, मुखिया पति समेत कई पर आरोप; मोतिहारी में भड़का आक्रोश
पूर्वी चंपारण के बंजरिया में सिसवा उर्दू हाई स्कूल के शिक्षक शमशाद आलम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिसका ...और पढ़ें

शव के साथ मोतिहारी सदर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते लोग।
HighLights
पूर्वी चंपारण में सरकारी शिक्षक शमशाद आलम की पीट-पीटकर हत्या।
हत्या का आरोप पंचायत मुखिया के पति व रिश्तेदारों पर लगा।
जमीन विवाद को लेकर हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी । पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थानाक्षेत्र स्थित सिसवा पूर्वी पंचायत में सिसवा उर्दू हाई स्कूल के शिक्षक शमशाद आलम की हत्या कर शव को सरेह में फेंक दिए जाने की घटना गुरुवार की शाम सामने आई है।
घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है। नाराज स्वजन व ग्रामीणों ने घटना को अंजाम देने का आरोप पंचायत की मुखिया तान्या प्रवीण के पति व अन्य रिश्तेदारों पर लगाया है।
पुलिस पर पक्षपात व घटना की सूचना देने के बाद भी समय से कार्रवाई नहीं करने से नाराज लोगों ने सदर अस्पताल के सामने प्रदर्शन शुरू किया।
घटना की सूचना पर मोतिहारी सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदल नाराज लोगों को शांत कराने पहुंचे, लेकिन लोग माने नहीं।
लोगों का आंदोलन करीब घंटे भर चला। इसके बाद मोतिहारी नगर निगम के डिप्टी मेयर डा. लालबाबू प्रसाद व पूर्व मंत्री डा. शमीम अहमद व अन्य सामाजिक लोगों के साथ मिलकर पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारियों ने स्वजन को भरोसा दिलाया कि मामले में दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई। शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है।
शमशाद के पिता रफीक उर्फ भदई ने बताया कि उनके इकलौते पुत्र सिसवा ऊर्दू हाई स्कूल में शिक्षक थे। तीन दिनों से बनटक स्कूल में इम्तिहान की ड्यूटी कर रहे थे।
स्कूल से सिसवा पूर्वी पंचायत भवन की ओर से निकले रास्ते से लौट रहे थे। इसी बीच ग्राम पंचायत में ही घेरकर पंचायत की मुखिया के पति व अन्य रिश्तेदारों ने मेरे बेटे की पीट-पीट कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को ले जाकर जनेरवा की ओर फेंक दिया। घटना को जफीर आजाद उर्फ चमन, फैजुर्र रहमान उर्फ मुन्ना व अन्य ने मिलकर अंजाम दिया है।
विवाद हमारी एक बिगहा जमीन से मिट्टी कटवाने को लेकर शुरू हुआ था। उसी को लेकर सरकारी अमीन बहाल करने के लिए अंचल में आवेदन दिया था।
उसी बात को लेकर ये दबाव बना रहे थे कि क्यों उनके खिलाफ आवेदन दिया। अंचल से भी मदद नहीं मिली। इस बीच चम ने स्कूल में प्रवेश कर मेरे इकलौते शिक्षक पुत्र को धमकाया था कि तुमको गोली मार देंगे। जो कहे सो पूरा कर लिए। दोनों पैर तोड़ दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद से पुलिस आरोपितों की खोज में लगी है।
-1789668195660.webp)
चमन रह चुके हैं बंजरिया प्रखंड के पूर्व प्रमुख
मृत शिक्षक के स्वजन के अनुसार चमन पूर्व में बंजरिया प्रखंड के प्रमुख रह चुके हैं। वर्तमान में सिसवा पूर्वी पंचायत की मुखिया तान्या प्रवीण उनके छोटे भाई मुन्ना की पत्नी है। परिवार शुरू से दबंग रहा है। नतीजतन प्रखंड, अंचल व थाना में उनकी चलती है।
शिक्षक के पिता ने कहा- थाने पर पहले डराया गया, फिर बरगलाया गया
सदर अस्पताल परिसर में पुत्र के मौत पर विलाप करते हुए शिक्षक के पिता रफीक ने बताया कि शमशाद मेरे इकलौते पुत्र थे। उन्हें परीक्षा ड्यूटी से घर आना था।
घर से खाना खाकर मोतिहारी जाना था, लेकिन वो समय पर नहीं पहुंचे। फिर सूचना मिली कि पंचायत के पास उन्हें देखा गया था। इस बीच पहले से चल रहे विवाद से सहमे बंजरिया थाना पुत्र के लापता होने की सूचना देने पहुंचे।
थानेदार ने कहा- सूचना गलत निकली तो आप पर कार्रवाई करेंगे। मुझे घुमाया गया और फिर छोड़ दिया गया। फिर मैं थाने में ही रहा, तभी एक फोन आया और पुलिस जब गई तो मेरे पुत्र का शव मिला।
रफीक का आरोप है कि बंजरिया में नए थानेदार से मिलीभगत कर मेरे बेेटे की हत्या की गई है। पहले के थानेदार की बदली भी हत्याकांड को अंजाम देने के लिए गलत आरोप लगवाकर कराई गई थी।
घटना की जांच की जा रही है। स्वजन जिन लोगों पर आरोप लगा रहे हैं। उनकी खोज की जा रही है। शीघ्र उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
दिलीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोतिहारी
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में पिकअप लूटने की कोशिश, चाबी देने से इनकार पर ड्राइवर को मारी गोली
