विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में पेट्रोल डालकर युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, हालत नाजुक

Published: Sat, 18 Apr 2026 06:44 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के पचपकड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक को पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. युवक शहजाद आलम को पेट्रोल डालकर जलाया गया।

  2. मोतिहारी के अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज जारी।

  3. पुलिस घटना की जांच कर रही, हमलावर अज्ञात।

संवाद सहयोगी, पताही। पचपकड़ी थानाक्षेत्र के खरिहनिया गांव में शुक्रवार की देर रात एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

गंभीर रूप से झुलसे युवक की पहचान पचपकड़ी गांव निवासी अब्दुल अजीज के पुत्र शहजाद आलम के रूप में हुई है। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।

मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे अचानक गांव में शोर मचा। ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।

ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई और घायल युवक को संभाला। ग्रामीणों द्वारा पूछे जाने पर युवक ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे। बिना किसी बातचीत के शरीर पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। युवक ने तत्काल अस्पताल पहुंचाने की अपील की, इसके बाद ग्रामीणों ने बिना देरी किए उसके स्वजनों को सूचना दी। सूचना मिलते स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे।

आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पचपकड़ी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से भी पूछताछ की, लेकिन वह घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।

सीसीटीवी कैमरे से हो रही जांच

उसने सिर्फ इतना बताया कि दो युवक आए और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि युवक को पेट्रोल डालकर आग लगाने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।

स्वजनों से पूछताछ की गई है, लेकिन अब तक घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल की जा रही है।

मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- रक्सौल में नगर परिषद कार्यालय के पीछे चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा, हिरासत में लिए गए 7 लोग