विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी का झांसा देकर युवती को रेड लाइट एरिया में बेचा, केसरिया पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Published: Sat, 17 Oct 2026 12:32 PM (IST)

केसरिया पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती को रेड लाइट एरिया में बेचने के आरोपी रोहित कुमार को ...और पढ़ें

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. केसरिया पुलिस ने मानव तस्करी के आरोपी को किया गिरफ्तार।

  2. आरोपी ने युवती को रेड लाइट एरिया में बेचा था।

  3. शादी का झांसा देकर फंसाता था लड़कियों को।

संवाद सहयोगी, केसरिया। शादी का झांसा देकर एक युवती को कथित तौर पर रेड लाइट एरिया में बेचने के मामले में केसरिया थाना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपित रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वह मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुरपट्टी गांव का निवासी बताया गया है। 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित ने युवती को दो लाख 30 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब केसरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की मां ने आठ अक्टूबर को थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी में रोहित कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया था। 

रेड लाइट एरिया से युवती को मुक्त कराया

युवती की मां ने पुलिस से अपनी बेटी को सकुशल वापस लाने और मामले में शामिल आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई थी। पुलिस ने युवती की तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर छानबीन की। 

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के पोजिपोड़ा स्थित रेड लाइट एरिया से युवती को मुक्त करा लिया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी। इसी क्रम में नामजद आरोपित रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया। 

शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था आरोपी

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में मानव तस्करी से जुड़े गंभीर मामले सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपित युवतियों को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद उन्हें रेलवे स्टेशन पर बुलाया जाता था और अपने साथियों की मदद से दूसरे स्थानों पर लड़कियों को ले जाते थे। इसी तरीके से उक्त युवती को पश्चिम बंगाल के रेड लाइट एरिया तक पहुंचाया गया था।

हालांकि, इस पूरे मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका, कथित लेन-देन और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि युवती की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। इसके बाद पश्चिम बंगाल से युवती को मुक्त करा लिया गया। मामले में नामजद आरोपित रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Bihar Crime: मोतिहारी के आजाद नगर में 50 लाख की लूट, परिवार को बनाया बंधक