भैरहवा हवाई मार्ग दोतरफा होने से उत्तर बिहार को नई रफ्तार, बौद्ध और रामायण सर्किट को भी लाभ
North Bihar Gulf Flight Option: नेपाल के भैरहवा हवाई मार्ग के दोतरफा संचालन की अनुमति से उत्तर बिहार में व्यापार, रोजगार और विदेश यात्रा के नए अवसर खुलेंगे। इससे बौद्ध और रामायण सर्किट को भी पर्यटन के लिहाज से बड़ा लाभ मिलेगा।

23 नवंबर 2026 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद इस पर ऐतिहासिक सहमति बनी है।
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। North Bihar Gulf Flight Option: नेपाल के भैरहवा हवाई मार्ग के दोतरफा संचालन की अनुमति मिलने से उत्तर बिहार में सीमा पार व्यापार, रोजगार व विदेश यात्रा के नए अवसर खुलेंगे तथा बौद्ध और रामायण सर्किट को भी पर्यटन के लिहाज से बड़ा लाभ मिलेगा।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान 23 नवंबर 2026 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद इस पर ऐतिहासिक सहमति बनी है।
संयुक्त वक्तव्य के बिंदु संख्या आठ में एकतरफा संचालित बी-345 काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दोतरफा बनाने का उल्लेख है, जिसके नियमों व प्रक्रिया को लेकर दोनों देशों के तकनीकी अधिकारी विचार-विमर्श करेंगे।
बी 345 मार्ग और उत्तर बिहार का लाभ
अब तक बी-345 हवाई मार्ग केवल नेपाल से भारत की ओर एकतरफा चलता था, लेकिन इसके दोतरफा होने से भारत व पश्चिमी देशों से आने वाले विमान भी लखनऊ और भैरहवा के रास्ते सीधे नेपाल के हवाई क्षेत्र में जा सकेंगे।
इससे सिमरा हवाई प्रवेश बिंदु पर दबाव घटेगा और भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का पूरा उपयोग हो सकेगा। सीमावर्ती उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, मधुबनी और गोपालगंज के लोगों को इससे सीधा लाभ मिलेगा, जहां रक्सौल, बैरगनिया, जयनगर व वाल्मीकिनगर के जरिए तराई क्षेत्र से गहरा व्यापारिक व सामाजिक जुड़ाव है।
खाड़ी देशों व दक्षिण-पूर्व एशिया जाने वाले लोगों को अब हर बार दिल्ली या पटना जाने की मजबूरी नहीं रहेगी और वे भैरहवा से उड़ान का विकल्प देख सकेंगे, वहीं वैशाली, केसरिया, लौरिया नंदनगढ़ व सीतामढ़ी-जनकपुर जैसे स्थल भैरहवा व लुंबिनी से जुड़ने पर पर्यटन व स्थानीय कारोबार को बल मिलेगा।
भारत को होने वाले फायदे
इस फैसले से भारत के कुशीनगर, सारनाथ, बोधगया और लुंबिनी को जोड़ने वाले बौद्ध सर्किट में देशी व विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है क्योंकि भैरहवा लुंबिनी से महज 15 किलोमीटर दूर है।
पश्चिम व मध्य भारत से नेपाल जाने वाली भारतीय एयरलाइंस को लंबा चक्कर लगाकर सिमरा से प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, जिससे उड़ान के समय व ईंधन की बचत होगी और हवाई टिकट सस्ते होने की संभावना बनेगी।
कूटनीतिक व आर्थिक मोर्चे पर भी भारत को अपने बागडोगरा हवाई अड्डे के लिए नेपाल से बेहतर हवाई मार्ग मिलने की राह आसान हुई है तथा नेपाल में भारतीय निवेश व व्यापार को गति मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।